अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की। स्विट्ज़रलैंड के दावोस में भारतीय मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को शानदार नेता बताया और भारत के साथ एक बेहतरीन ट्रेड डील होने की उम्मीद जताई।
दावोस में बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें भारत के प्रधानमंत्री के लिए बहुत सम्मान है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक शानदार व्यापार समझौता होगा। ट्रंप के इस बयान को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद भारत और अमेरिका के रिश्तों में कुछ समय के लिए तनाव भी देखा गया था। अमेरिका ने भारत से आने वाले उत्पादों पर पहले 25 फीसदी टैरिफ लगाया था। इसके बाद रूस से तेल आयात को लेकर यह टैरिफ बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया गया था। इन फैसलों से दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों में खटास आई थी।
इसके बावजूद ट्रंप कई मौकों पर प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते रहे हैं। अब दावोस में दिए गए उनके ताजा बयान से संकेत मिल रहे हैं कि दोनों देश व्यापारिक मतभेद सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
अमेरिका ने नए राजदूत ने दिया था सकारात्मक संकेत
भारत में अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने भी हाल ही में इस दिशा में सकारात्मक संकेत दिए थे। 12 जनवरी को अपने स्वागत भाषण में उन्होंने कहा था कि भारत और अमेरिका सक्रिय रूप से व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उन्होंने कहा था कि असली दोस्तों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्हें बातचीत से सुलझा लिया जाता है।
इससे पहले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी कहा था कि भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों की टीमें लगभग सभी लंबित मुद्दों पर चर्चा कर रही हैं और समझौता कभी भी सामने आ सकता है।
अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट किया था कि फिलहाल किसी समय-सीमा का ऐलान नहीं किया जा सकता। जब दोनों पक्ष पूरी तरह तैयार होंगे और सही समय होगा, तब इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। सितंबर में भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में भारी शुल्क लगाए जाने के बाद यह बातचीत कुछ समय के लिए धीमी जरूर पड़ी थी।




















