25.1 C
Indore
Friday, April 17, 2026
Homeअंतर्राष्ट्रीयईरान: खामेनेई ने मरवाए 4000 से ज्यादा लोग, 26 हजार अब भी...

ईरान: खामेनेई ने मरवाए 4000 से ज्यादा लोग, 26 हजार अब भी हिरासत में, सुप्रीम लीडर के खिलाफ बड़ा दावा

Date:

ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों के दौरान बड़े पैमाने पर जानमाल के नुकसान का दावा किया गया है। अमेरिका स्थित मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, सरकारी कार्रवाई में अब तक 4,029 लोगों की मौत हो चुकी है। एजेंसी का कहना है कि इसी दौरान 26 हजार से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए लोगों में 3,786 प्रदर्शनकारी शामिल हैं। इसके अलावा 180 सुरक्षाकर्मियों की भी मौत बताई गई है। एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि इस हिंसा में 28 बच्चों की जान गई है। वहीं 35 ऐसे लोग भी मारे गए हैं, जो किसी भी प्रदर्शन का हिस्सा नहीं थे।

मानवाधिकार समूह का कहना है कि ये आंकड़े जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ताओं के नेटवर्क से जुटाए गए हैं। एजेंसी के मुताबिक, वास्तविक मौतों की संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है। हालांकि यह भी साफ किया गया है कि इन आंकड़ों की पुष्टि किसी स्वतंत्र समाचार एजेंसी या अंतरराष्ट्रीय संस्था ने नहीं की है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान को झटका

इस बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ईरान को झटका लगा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची को स्विट्ज़रलैंड के दावोस में होने वाले विश्व आर्थिक मंच में शामिल होना था। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए ईरान को भेजा गया निमंत्रण वापस ले लिया गया है।

विश्व आर्थिक मंच ने अपने बयान में कहा कि बीते कुछ हफ्तों में ईरान में आम नागरिकों की दुखद मौतों को देखते हुए इस साल दावोस में ईरानी सरकार का प्रतिनिधित्व उचित नहीं है। इसके बाद अरागची ने इस फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी झूठे आरोपों और इज़राइल तथा अमेरिका में मौजूद समर्थकों के राजनीतिक दबाव में रद्द की गई है।

ईरानी सरकार की ओर से अब तक मारे गए लोगों का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। हालांकि शनिवार को देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई ने पहली बार इस मुद्दे पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शनों में कई हजार लोगों की मौत हुई है और इसके लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया।

इसके बाद सोमवार को ईरान के राष्ट्रपति, न्यायपालिका प्रमुख और संसद अध्यक्ष की ओर से एक संयुक्त बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया कि हत्याओं और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल लोगों को सजा दी जाएगी। वहीं जो लोग बहकावे में आ गए थे और जिनकी भूमिका सीमित थी, उनके साथ नरमी बरती जाएगी।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश