34.7 C
Indore
Monday, June 8, 2026
Homeअंतर्राष्ट्रीयPhilippines Earthquake: फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी का अलर्ट...

Philippines Earthquake: फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी

Date:

Philippines Earthquake: एशिया में लगातार महसूस किए जा रहे भूकंपों के बीच सोमवार सुबह फिलीपींस में आए शक्तिशाली झटकों ने चिंता बढ़ा दी है। देश के दक्षिणी हिस्से में आए इस भूकंप ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है और इसके बाद सुनामी की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

स्थानीय समयानुसार सुबह 7:40 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.8 मापी गई। कुछ शुरुआती रिपोर्टों में इसकी तीव्रता 8.2 तक बताई गई थी। भूकंप के बाद विभिन्न क्षेत्रों से जान-माल के नुकसान की खबरें सामने आई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस आपदा में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है।

समुद्र के भीतर था भूकंप का केंद्र

जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र जनरल सैंटोस शहर के दक्षिण में समुद्र के भीतर स्थित था। लगभग 7.2 लाख आबादी वाले इस शहर में कई इमारतों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है।

भूकंप के झटके केवल फिलीपींस तक सीमित नहीं रहे। पड़ोसी देश इंडोनेशिया के नॉर्थ सुलावेसी और नॉर्थ मालुकु प्रांतों में भी लोगों ने कंपन महसूस किया। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी

भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस की भूकंप विज्ञान एजेंसी ने दक्षिणी तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी अलर्ट जारी कर दिया। एजेंसी ने लोगों से समुद्र तटों को खाली करने और ऊंचे स्थानों पर पहुंचने की अपील की है।

विशेषज्ञों ने कुछ इलाकों में तीन मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें उठने की आशंका जताई है। इसके अलावा इंडोनेशिया, मलेशिया, ताइवान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत महासागर के अन्य क्षेत्रों में भी समुद्री लहरों का प्रभाव पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।

आफ्टरशॉक ने बढ़ाई चिंता

मुख्य भूकंप के बाद कई तेज आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, लगभग दो घंटे बाद तक झटकों का सिलसिला जारी रहा।

इनमें सबसे शक्तिशाली आफ्टरशॉक की तीव्रता 6.5 दर्ज की गई। लगातार आ रहे झटकों के कारण लोग घरों और इमारतों से बाहर खुले स्थानों में रहने को मजबूर हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जनरल सैंटोस शहर के एक बड़े शॉपिंग सेंटर को भारी क्षति पहुंची है। वहीं एक स्कूल भवन के भी ढहने की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है।

‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है फिलीपींस

फिलीपींस प्रशांत महासागर के उस भूगर्भीय क्षेत्र में स्थित है जिसे ‘रिंग ऑफ फायर’ कहा जाता है। यह इलाका दुनिया के सबसे अधिक भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों वाले क्षेत्रों में गिना जाता है।

यही कारण है कि फिलीपींस में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। इसके अलावा देश हर साल कई शक्तिशाली तूफानों और प्राकृतिक आपदाओं का भी सामना करता है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश