27.4 C
Indore
Tuesday, July 7, 2026
Homeबड़ी खबरMP UCC News: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम...

MP UCC News: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम मोहन यादव, बोले- इसी महीने मध्य प्रदेश में लागू होगी UCC

Date:

MP UCC News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भोपाल में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी।

भोपाल। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इसी महीने समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश में “एक निशान, एक प्रधान और एक विधान” की अवधारणा को मजबूती से रखा था। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भी अब उन राज्यों की श्रेणी में शामिल होने जा रहा है, जहां समान नागरिक संहिता लागू होगी। उनके अनुसार, यह कदम संविधान की मूल भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और मध्य प्रदेश भी विकास के उसी विजन के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता देते हुए सरकार लगातार नए फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिस सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की कल्पना करते थे, सरकार उसी दिशा में काम कर रही है।

MP UCC News

मध्य प्रदेश अब डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनेगा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश ने रक्षा क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अब डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में यहां विभिन्न प्रकार के रक्षा उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। उनका कहना था कि सरकार प्रदेश को आर्थिक और औद्योगिक रूप से अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार निवेश को बढ़ावा दे रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतगढ़ी में विकसित किए गए बड़े इंडस्ट्रियल पार्क के उद्घाटन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह पार्क उद्योगों के साथ-साथ रोजगार और आधुनिक सुविधाओं का नया केंद्र बनेगा, जहां काम करने वालों के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि भोपाल को आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में सरकार कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। इसी क्रम में राजधानी में एक अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास बनने वाले इस केंद्र में करीब 5 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि सतगढ़ी में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर में 10 से 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज मध्य प्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां बेरोजगारी दर सबसे कम है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश