29 C
Indore
Monday, July 6, 2026
Homeबड़ी खबरसीएम डॉ. यादव ने किया इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन, बोले- गरीब-अन्नदाता-युवा-नारी का...

सीएम डॉ. यादव ने किया इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन, बोले- गरीब-अन्नदाता-युवा-नारी का होगा कल्याण

Date:

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के सतगढ़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने UCC, निवेश, रोजगार, डिफेंस इंडस्ट्री और कन्वेंशन सेंटर को लेकर कई बड़े ऐलान किए।

  • डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर भोपाल को मिली बड़ी सौगात
  • राजधानी के सतगढ़ी में स्थापित होगा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अलग पहचान बना रहा भारत

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल के सतगढ़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने घोषणा की कि मध्य प्रदेश इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का मध्य प्रदेश से विशेष जुड़ाव रहा है। उनकी 125वीं जयंती पर भोपाल को स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और आधुनिक कन्वेंशन सेंटर की सौगात मिलना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि यह पार्क देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर लेकर आएंगे। गारमेंट उद्योग के विस्तार से कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा, जबकि हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार खेत, उद्योग और बाजार को एक-दूसरे से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। भोपाल अब केवल झीलों की नगरी ही नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।

रक्षा उत्पाद के क्षेत्र में राज्य होगा मजबूत

उन्होंने बताया कि हाल ही में शिवपुरी में करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाली रक्षा क्षेत्र की औद्योगिक इकाई का भूमि-पूजन किया गया है, जबकि मुरैना में सोलर सेक्टर और गुना में लगभग 2,000 करोड़ रुपये के सीमेंट प्लांट जैसी परियोजनाएं भी शुरू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बनने वाले रक्षा उत्पाद देश की सुरक्षा क्षमता को मजबूत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2025) का उल्लेख करते हुए कहा कि सम्मेलन में 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश पर काम शुरू हो चुका है, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के दौरान अब तक 86 हजार करोड़ रुपये के निवेश समझौते (MoU) किए जा चुके हैं। उनके अनुसार, सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में ही 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

लाडली बहना योजना के तहत 50 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है। साथ ही रोजगार आधारित उद्योगों में कार्य करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की भी योजना है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक देश, एक विधान, एक निशान और एक प्रधान’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश में जल्द ही UCC लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए गठित समिति ने विभिन्न धर्मों और समुदायों से सुझाव लिए हैं, ताकि कानून सभी नागरिकों के लिए समान और न्यायसंगत हो।

डॉ. यादव ने कहा कि अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों से मध्य प्रदेश को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि सतगढ़ी इंडस्ट्रियल पार्क रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर विकसित किया जा रहा है। यह राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब 25 किलोमीटर और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां 25 एकड़ क्षेत्र में लगभग 10 हजार लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा, जो प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर होगा।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश तेजी से औद्योगिक राज्य के रूप में उभर रहा है। वहीं विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क राजधानी भोपाल की नई पहचान बनेगा और विशेष रूप से युवाओं तथा महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा।

औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 70 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह पार्क राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग, रेलवे स्टेशन तथा एयरपोर्ट से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण औद्योगिक निवेश के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश