पाकिस्तान के लाहौर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक सेशन जज के चेंबर से दो सेब और एक हैंडवॉश की बोतल चोरी हो गई है और पुलिस ने इस मामले में आधिकारिक तौर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। यह घटना इस्लामपुरा इलाके की है और इसने पूरे पंजाब प्रांत की पुलिस को हरकत में ला दिया है।
मामला 5 दिसंबर का है जब एडिशनल सेशन जज नूर मुहम्मद बसमल के चेंबर से यह सामान गायब हो गया। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग एक हज़ार पाकिस्तानी रुपए बताई जा रही है। जज के रीडर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और उन्होंने बताया कि यह शिकायत जज के निर्देश पर की गई है।
लाहौर पुलिस ने दर्ज किया मामला
लाहौर पुलिस ने पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 380 के तहत यह मामला दर्ज किया है। इस धारा के तहत चोरी के दोषी को सात साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं। यह धारा आमतौर पर गंभीर चोरी के मामलों में लगाई जाती है।
इस मामले पर पाकिस्तान के एक मानवाधिकार कार्यकर्ता ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे पाकिस्तान के इतिहास का सबसे बड़ा चोरी का मामला करार दिया है। उन्होंने इस पर तंज कसते हुए कहा कि जब देश में गंभीर अपराधों की जांच नहीं हो पाती तो पुलिस ऐसे मामलों में व्यस्त हो जाती है।
पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है और चोरी करने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि आमतौर पर इतनी छोटी चीजों की चोरी पर इतनी गंभीरता से केस दर्ज नहीं किया जाता है।




















