Nirjala Ekadashi Tulsi Upay in Hindi: निर्जला एकादशी का व्रत भगवान विष्णु की आराधना के लिए रखा जाता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा और व्रत करने पर सभी एकादशी व्रतों के समान पुण्य प्राप्त होता है। धार्मिक ग्रंथों में तुलसी को भगवान विष्णु की सबसे प्रिय और मां लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। इसलिए निर्जला एकादशी पर तुलसी से जुड़े कुछ आसान उपाय करना बेहद शुभ माना जाता है।
ऐसी मान्यता है कि इन उपायों से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है, आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और सुख-समृद्धि का मार्ग खुलता है। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 शुभ उपाय।
1. तुलसी के सामने घी का दीपक जलाएं
निर्जला एकादशी की संध्या बेला में तुलसी के पौधे के सामने शुद्ध देसी घी का दीपक जलाएं। दीपक जलाने के बाद भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का जाप करें। यह उपाय घर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करता है तथा नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है।
2. सूखी तुलसी की लकड़ियों से करें विशेष पूजा
यदि घर में पहले से रखी हुई सूखी तुलसी की टहनियां या डंठल हों, तो उन्हें गंगाजल से शुद्ध करके भगवान विष्णु के चरणों में अर्पित करें। ध्यान रखें कि एकादशी के दिन तुलसी की नई टहनियां या पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए। इससे भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी दोनों की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
3. तुलसी की श्रद्धापूर्वक परिक्रमा करें
निर्जला एकादशी पर स्नान और पूजा के बाद तुलसी माता की 11, 21 या 108 बार परिक्रमा करें। परिक्रमा करते समय भगवान विष्णु का स्मरण करते रहें। इससे जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
4. पूरे घर में गंगाजल का छिड़काव करें
सूखी तुलसी की छोटी टहनियों को एक साथ बांधकर गंगाजल में डुबोएं और पूरे घर में उसका छिड़काव करें। मान्यता है कि इससे घर का वातावरण पवित्र होता है, नकारात्मकता दूर होती है। घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही घर में धन और वैभव का आगमन भी होता है।
5. मंदिर में रखें सूखी तुलसी
निर्जला एकादशी के दिन सूखी तुलसी की लकड़ियों या टहनियों को गंगाजल से शुद्ध कर घर के मंदिर में रखें। इसके बाद भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा करें। यह उपाय घर के वास्तु दोष को कम करने और आर्थिक उन्नति के लिए शुभ माना जाता है।





















