शनिवार का दिन न्याय के देवता शनिदेव की उपासना के लिए विशेष माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शनिदेव व्यक्ति को उसके कर्मों के आधार पर फल प्रदान करते हैं। इसलिए शनि की कृपा पाने के लिए केवल पूजा ही नहीं, बल्कि अच्छे कर्म भी जरूरी होते हैं।
यदि आपके कार्यों में बार-बार रुकावट आ रही है, आर्थिक समस्याएं बनी हुई हैं या मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है, तो शनिवार के दिन ये उपाय कर सकते हैं।
शनिदेव को प्रसन्न करने के उपाय
शनिवार सुबह स्नान के बाद साफ वस्त्र धारण करें और शनिदेव का ध्यान करें। इसके बाद “ॐ शं शनैश्चराय नमः” मंत्र का कम से कम 108 बार जप करें। नियमित मंत्र जाप मन को शांति मिलेगी और सकारात्मक ऊर्जा भी बढ़ेगी।
शनिवार की शाम को सरसों के तेल का दीपक शनिदेव के मंदिर या पीपल के वृक्ष के नीचे जलाना भी शुभ माना जाता है। कई श्रद्धालु इस दिन पीपल वृक्ष की पूजा और परिक्रमा भी करते हैं।
दान और सेवा का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शनिवार को काले तिल, काली उड़द, सरसों का तेल, काला कपड़ा या लोहे की वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है। जरूरतमंद, गरीब, बुजुर्ग और श्रमिक वर्ग की सहायता करने से भी पुण्य फल प्राप्त होता है।
पशु-पक्षियों की सेवा करने से भी शनि कृपा प्राप्त होती है। शनिवार को कौओं को भोजन कराना या काले कुत्ते को रोटी खिलाना शुभ माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शनिदेव और हनुमान जी का विशेष संबंध माना जाता है। इसलिए शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ और हनुमान जी की पूजा करने से भी शनि से जुड़े कष्टों में राहत मिलती है।
अच्छा कर्म ही सबसे बड़ा उपाय
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शनिदेव को प्रसन्न करने का सबसे प्रभावी तरीका अच्छे कर्म हैं। ईमानदारी, अनुशासन, सत्य का पालन और दूसरों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करना, जरूरतमंदों की मदद करना और किसी के साथ अन्याय न करना, यह सब ऐसे उपाय हैं जिनको करने से शनिदेव की कृपा प्राप्त होती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूजा-पाठ के साथ यदि व्यक्ति अपने कर्मों को भी बेहतर बनाता है तो शनिदेव की कृपा से जीवन में स्थिरता, सफलता और सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।



















