Venezuela Crisis: अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा है कि अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति Nicolás Maduro और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को हिरासत में ले लिया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब वेनेजुएला की राजधानी Caracas में संदिग्ध हवाई हमलों और जोरदार धमाकों की खबरें अंतरराष्ट्रीय मीडिया में छाई हुई हैं। फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं हो पाई है।
डोनाल्ड ट्रंप ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह कार्रवाई एक विशेष अमेरिकी अभियान के तहत की गई। उनके अनुसार अमेरिकी सुरक्षा बलों ने मादुरो के सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए उन्हें हिरासत में लिया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मादुरो दंपती को वेनेजुएला में ही किसी सुरक्षित स्थान पर रखा गया है या उन्हें अमेरिका ले जाया जा रहा है।
इससे पहले शनिवार को काराकस में कई बड़े धमाके सुने गए थे। सरकारी और सैन्य ठिकानों के आसपास काला धुआं उठता देखा गया। माना जा रहा है कि इन घटनाओं के पीछे अमेरिकी हवाई हमले हो सकते हैं। इन धमाकों के बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया।
वैश्विक राजनीति में हलचल तेज
इस घटनाक्रम से वैश्विक राजनीति में हलचल मच गई है। रूस और चीन, जो लंबे समय से मादुरो सरकार के करीबी सहयोगी रहे हैं, उनकी तीखी प्रतिक्रिया आने की संभावना जताई जा रही है। वेनेजुएला पहले से ही गंभीर आर्थिक संकट और राजनीतिक अस्थिरता से गुजर रहा है।
दूसरी ओर वेनेजुएला सरकार की तरफ से बयान जारी कर कहा गया है कि देश पर हमले का उद्देश्य उसके रणनीतिक संसाधनों पर कब्जा करना है। मादुरो ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा करते हुए सभी रक्षा योजनाओं को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं और देशवासियों से एकजुट होने की अपील की है।
अमेरिका ने इन 5 ठिकानों को बनाया निशाना
कोलंबिया के राष्ट्रपति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अमेरिकी वायुसेना ने वेनेजुएला में कई अहम ठिकानों पर हमले किए। इनमें फोर्ट ट्यूना सैन्य अड्डा, ला कार्लोटा एयरबेस, एल वोल्कान रडार स्टेशन, ला गुएरा पोर्ट और मिरांडा राज्य का इगुएरोटे एयरपोर्ट शामिल हैं। इस सूची में पूर्व राष्ट्रपति Hugo Chávez का मेमोरियल भी बताया जा रहा है।
अमेरिका की अपने नागरिकों को चेतावनी
अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए वेनेजुएला की यात्रा को लेकर सख्त एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि वेनेजुएला में अपराध, नागरिक अशांति और खराब स्वास्थ्य सेवाओं का गंभीर खतरा है। वहां रह रहे अमेरिकी नागरिकों और स्थायी निवासियों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी गई है।
वेनेजुएलन एयरस्पेस में विमानों पर बैन
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका की Federal Aviation Administration ने वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में चल रही सैन्य गतिविधियों को देखते हुए अपने कमर्शियल विमानों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला काराकस में धमाकों की खबरों से कुछ समय पहले लिया गया था।




















