Twisha Sharma Case: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने घटनास्थल पर पहुंचकर सीन रिक्रिएशन की प्रक्रिया शुरू की है। जांच एजेंसी इस दौरान आरोपी पति समर्थ सिंह और उसकी मां, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से मिले बयानों का सत्यापन करने की कोशिश कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, CBI की टीम उस स्थान पर पहुंची जहां 12 मई को ट्विशा शर्मा कथित रूप से फंदे से लटकी मिली थीं। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और उपलब्ध परिस्थितियों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझने का प्रयास किया।
डमी पुतले के जरिए जांच
सीन रिक्रिएशन के दौरान CBI अपने साथ लगभग 80 किलोग्राम वजन का डमी पुतला और अन्य उपकरण लेकर पहुंची। एजेंसी यह जांच रही है कि जिस तरीके से आरोपियों ने घटना का विवरण दिया है, वह परिस्थितियों से मेल खाता है या नहीं।
पूछताछ में समर्थ सिंह ने दावा किया था कि उन्होंने स्वयं ट्विशा के शव को नीचे उतारा था, जबकि फंदे की गांठ उनकी मां गिरिबाला सिंह ने खोली थी। इसी दावे की पुष्टि के लिए जांच टीम ने डमी पुतले की मदद से पूरी प्रक्रिया को दोहराने का प्रयास किया।
जांच एजेंसी बेल्ट की मजबूती और उसकी वजन सहन करने की क्षमता का भी परीक्षण कर रही है। अधिकारियों का उद्देश्य यह समझना है कि कथित तौर पर इस्तेमाल की गई बेल्ट परिस्थितियों के अनुरूप थी या नहीं।
मामले से जुड़े एक वीडियो में CBI अधिकारियों को घटनास्थल पर फंदे की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं का निरीक्षण करते हुए देखा गया। यह जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
परिवार ने लगाए हैं गंभीर आरोप
ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। जांच के दौरान सामने आए एक वीडियो में उन्हें शाम करीब 7:20 बजे सीढ़ियों से छत की ओर जाते हुए देखा गया था। बाद में उनके पति को अन्य लोगों के साथ उन्हें सीपीआर देते हुए भी देखा गया।
हालांकि, ट्विशा के परिवार ने इस मामले में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। जांच एजेंसियां सभी उपलब्ध साक्ष्यों, तकनीकी रिपोर्टों और बयानों के आधार पर मामले की सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।





















