33.9 C
Indore
Wednesday, May 20, 2026
Homeबिहार‘जाति देखकर हो रहा एनकाउंटर’, रेपिस्ट का एनकाउंटर कब होगा? - तेजस्वी...

‘जाति देखकर हो रहा एनकाउंटर’, रेपिस्ट का एनकाउंटर कब होगा? – तेजस्वी यादव

Date:

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सम्राट चौधरी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पटना स्थित आरजेडी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जाति देखकर एनकाउंटर करवा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं से दुष्कर्म और हत्या करने वाले अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई कब होगी।

महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

आरजेडी नेता ने कहा कि सम्राट चौधरी सरकार बने एक महीने से ज्यादा समय हो गया है और गृह विभाग भी मुख्यमंत्री के पास ही है। इसके बावजूद राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि 15 अप्रैल से 15 मई के बीच बिहार के कई जिलों में रेप, गैंगरेप, अपहरण और हत्या की घटनाओं में वृद्धि हुई है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा जब महिलाओं या बच्चियों के खिलाफ अपराध न हो रहा हो।

सरकार और मंत्रियों पर भी हमला

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार में कई ऐसे मंत्री शामिल हैं जिन पर खुद आपराधिक मामले चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की बड़ी आबादी आर्थिक और सामाजिक समस्याओं से जूझ रही है। तेजस्वी के मुताबिक राज्य की 65 प्रतिशत महिलाएं खून की कमी से पीड़ित हैं और गरीब महिलाओं को योजनाओं का लाभ भी सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है।

केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना

आरजेडी नेता ने कहा कि एनडीए सरकार को बने कई महीने हो चुके हैं, लेकिन बिहार को केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अब हजारों करोड़ रुपये का कर्ज लेने की तैयारी कर रही है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार विकास और कानून व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय केवल प्रचार और फोटोशूट की राजनीति कर रही है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश