31.1 C
Indore
Monday, March 2, 2026
Homeबिहारतेज प्रताप यादव का राहुल गांधी पर तंज, बोले- रसोइया बन जाते...

तेज प्रताप यादव का राहुल गांधी पर तंज, बोले- रसोइया बन जाते तो ज्यादा अच्छा रहता

Date:

बिहार की राजनीति में अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राहुल गांधी के हाल के चर्चित वीडियो पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें मछली पकड़ना और जलेबी बनाना इतना पसंद है तो वे राजनीति में क्यों आए? जाकर रसोइया बन जाते।

तेज प्रताप ने कहा, “राहुल गांधी का काम ही है मोटरसाइकिल चलाना, फटफटी चलाना और पॉल्यूशन फैलाना। देश अंधकार में जा रहा है और राहुल गांधी मछली पकड़ रहे हैं। रोजगार की बात करते हैं, लेकिन रोजगार दे नहीं पा रहे। मछली पकड़ने और जलेबी छानने से देश नहीं चलेगा, इसके लिए जिम्मेदारी और गंभीरता चाहिए।” तेज प्रताप का यह बयान चुनावी माहौल में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर गया है।

तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना

तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और महागठबंधन की ओर से सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे राघोपुर में प्रचार के लिए जाएंगे और कोई उन्हें रोक नहीं सकता। “राघोपुर में हम दो हेलीकॉप्टर उतारेंगे,” उन्होंने कहा। तेजस्वी यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि “पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता”, तेज प्रताप ने पलटवार करते हुए कहा, “हम छोटे भाई से कहना चाहेंगे कि पार्टी से बड़ी जनता होती है। लोकतंत्र में जनता ही मालिक होती है, पार्टी या परिवार नहीं। महुआ मेरे लिए पार्टी और परिवार से कहीं ज्यादा बढ़कर है।”

जनता के समर्थन को लेकर तेज प्रताप आत्मविश्वास से भरे नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी जनता पर पूरा भरोसा है कि वे भारी मतों से उन्हें जिताएंगे। तेज प्रताप ने कहा, “जो व्यक्ति अपनी काबिलियत पर भरोसा रखता है, वही सफलता की ओर बढ़ता है। जनता मेरे साथ है और मैं जनता के लिए मैदान में हूं।”

इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि प्रधानमंत्री मोदी के पटना रोड शो में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार क्यों नहीं दिखे, तो तेज प्रताप ने संयमित लहजे में जवाब दिया, “वह उनका मामला है, इसमें हम क्या बोल सकते हैं।” तेज प्रताप के इन बयानों ने बिहार के चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। जहां तेजस्वी महागठबंधन के चेहरा बने हुए हैं, वहीं तेज प्रताप अपने अलग तेवर और अलग राजनीतिक पहचान के जरिए सुर्खियां बटोर रहे हैं।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश