23.1 C
Indore
Monday, March 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशघी को लेकर सास-बहू में झगड़ा, बहू ने खाया ज़हर, शिवपुरी से...

घी को लेकर सास-बहू में झगड़ा, बहू ने खाया ज़हर, शिवपुरी से दिल दहला देने वाला मामला

Date:

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना इमलाउदी गांव में गुरुवार को हुई। मृतक महिला की पहचान 26 वर्षीय सोनम जाटव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, विवाद की जड़ घी को लेकर सास-बहू के बीच हुआ झगड़ा बताया जा रहा है।

इस मामले की जानकारी देते हुए इंदर थाना के थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि सोनम की शादी वर्ष 2018 में धनपाल से हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे भी हैं। पुलिस को दिए बयान में पति धनपाल ने कहा कि संयुक्त परिवार में आए दिन होने वाली खटपट से परेशान होकर सोनम ने कुछ समय पहले अपना किचन अलग कर लिया था और घर में अलग खाना बनाने लगी थी।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह धनपाल की मां ने बहू सोनम से थोड़ा घी मांगा था। सोनम ने पहले तो घी देने से इनकार कर दिया, लेकिन पति के कहने पर उसने करीब 100 ग्राम घी दे दिया। इसके बाद भी धनपाल ने पत्नी की इच्छा के बिना और घी निकालकर अपनी मां को दे दिया। इसी बात को लेकर सास और बहू के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई।

आहत सोनम ने खाया जहरीला पदार्थ

पुलिस का कहना है कि इसी विवाद से आहत होकर सोनम ने कथित तौर पर घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पति धनपाल उसे पहले पचावली के एक अस्पताल ले गया, जहां से उसे गंभीर अवस्था में शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सोनम को मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश