राजपाल यादव केस: चेक बाउंस मामले में जेल में बंद अभिनेता राजपाल यादव को लेकर उनके मैनेजर गोल्डी का पहला बयान सामने आया है। गोल्डी ने कहा है कि बॉलीवुड के कई बड़े सितारे राजपाल यादव के समर्थन में आगे आए हैं और मदद का आश्वासन दिया है।
गोल्डी ने एक इंटरव्यू में बताया कि सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे कलाकारों ने समर्थन दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह डेविड धवन से बात कर रहे थे और उन्होंने भी सहयोग का भरोसा दिया है। इसके अलावा वरुण धवन और अन्य कलाकार भी मदद के लिए आगे आए हैं।
जब गोल्डी से पूछा गया कि क्या राजपाल यादव ने सरेंडर से पहले अपने सह कलाकारों से मदद मांगी थी, तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इस सवाल पर कुछ नहीं कहना चाहते।
गोल्डी ने कहा कि इंडस्ट्री इस समय राजपाल यादव के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आर्थिक लेनदेन जैसी प्रक्रियाएं तुरंत पूरी नहीं होतीं, लेकिन कई लोगों ने मदद का वादा किया है।
राजपाल जल्द हो सकते हैं रिहा
उन्होंने उम्मीद जताई कि राजपाल यादव जल्द ही जेल से रिहा हो सकते हैं। गोल्डी के अनुसार, उनकी जमानत याचिका पहले ही दायर की जा चुकी है और अगली सुनवाई में राहत मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि परिवार को मानसिक रूप से मजबूत रहना होगा और सभी को उम्मीद है कि वह जल्द बाहर आएंगे।
इससे पहले सोनू सूद, गुरु रंधावा, गुरमीत चौधरी और अन्य हस्तियों ने भी सार्वजनिक रूप से समर्थन जताया था। राजपाल यादव ने सरेंडर से पहले भावुक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि उनके पास न पैसे हैं और न दोस्त। इसके बाद यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था। अब सबकी नजर उनकी जमानत याचिका पर होने वाली सुनवाई पर टिकी है।



















