मध्य प्रदेश की राजनीति से सोमवार को एक दुखद खबर सामने आई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और उज्जैन उत्तर विधानसभा से कई बार विधायक रहे पारस जैन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। उनकी अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर तीन बजे उज्जैन स्थित उनके निवास से निकाली जाएगी।
पारस जैन मध्य प्रदेश भाजपा के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने वर्ष 1990 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई। इसके बाद वह 2003, 2008, 2013 और 2018 में भी उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी का टिकट नहीं मिला, लेकिन इसके बावजूद वे संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय बने रहे।
कई महत्वपूर्ण विभागों की संभाली जिम्मेदारी
पारस जैन ने मध्य प्रदेश सरकार में कई अहम विभागों की जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2005 से 2013 के बीच उन्होंने राज्य मंत्री के रूप में वन, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण जैसे विभागों में काम किया। दिसंबर 2013 में उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया। बाद में वर्ष 2016 के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
‘पारस पहलवान’ के नाम से थी पहचान
1950 में जन्मे पारस जैन ने बीकॉम तक शिक्षा प्राप्त की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपने परिवार के अनाज कारोबार से जुड़कर काम किया। छात्र जीवन में उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े। संगठनात्मक कार्यों के जरिए उन्होंने सक्रिय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
उज्जैन में लोग उन्हें प्यार से ‘पारस पहलवान’ के नाम से जानते थे। वर्ष 2016 के सिंहस्थ महाकुंभ की केंद्रीय समिति में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सीएम मोहन यादव ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व मंत्री और उज्जैन उत्तर के पूर्व विधायक पारस चंद्र जैन के निधन का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
शिवराज सिंह चौहान बोले- एक समर्पित कार्यकर्ता को खो दिया
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पारस जैन के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि पारस जैन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक और भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उन्होंने मध्य प्रदेश और उज्जैन की जनता की पूरी निष्ठा से सेवा की। शिवराज ने उन्हें कुशल संगठक, सफल प्रशासक और योग व व्यायाम को बढ़ावा देने वाला जननेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
पारस जैन के निधन से मध्य प्रदेश भाजपा ने अपने एक अनुभवी और जमीनी नेता को खो दिया है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के अलावा बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

















