25.8 C
Indore
Saturday, July 11, 2026
HomeबिहारBihar Pension News: 97.84 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 1100 रुपये,...

Bihar Pension News: 97.84 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 1100 रुपये, सीएम सम्राट चौधरी ने DBT से जारी की राशि

Date:

Bihar Pension News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 97.84 लाख लाभार्थियों के खातों में DBT के जरिए 1100-1100 रुपये की राशि ट्रांसफर की। सरकार ने हर महीने की 10 तारीख को भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही।

Bihar Pension News । बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राज्य के लाखों लाभार्थियों के खातों में मासिक पेंशन की राशि जारी कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिमोट का बटन दबाकर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 97 लाख 84 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में 1100-1100 रुपये की पेंशन राशि भेजी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हर महीने की 10 तारीख को पेंशन राशि लाभार्थियों के खाते में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह है कि पात्र लोगों को समय पर आर्थिक सहायता मिलती रहे और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें भी योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य व्यक्ति इस योजना से बाहर नहीं रहना चाहिए और सभी जिलों में इसकी नियमित समीक्षा की जाए।

गौरतलब है कि बिहार में दिव्यांगजन, विधवा महिलाओं और 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जाती है। पहले इस योजना के अंतर्गत 400 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती थी।

वर्ष 2025 में विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पेंशन राशि को बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की थी। इसके बाद सरकार ने यह भी तय किया कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे भेजी जाएगी।

इसी व्यवस्था के तहत शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्यभर के 97.84 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि हस्तांतरित की गई। सरकार का कहना है कि इस पहल से वृद्धजन, दिव्यांग और विधवा महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश