28.1 C
Indore
Friday, April 17, 2026
Homeराजनीतिपप्पू यादव की गिरफ्तारी पर सियासी घमासान, राहुल और प्रियंका गांधी उतरे...

पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर सियासी घमासान, राहुल और प्रियंका गांधी उतरे समर्थन में

Date:

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा खुलकर उनके समर्थन में उतर आए हैं। दोनों नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है।

शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी को लेकर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी केवल इसलिए की गई है क्योंकि उन्होंने नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में आवाज उठाई थी।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि पटना में नीट की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की कार्रवाई ने व्यवस्था की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की तो भाजपा और राजग का पुराना तरीका अपनाया गया, जिसमें मामले को भटकाना, परिजनों को प्रताड़ित करना और दोषियों को सत्ता का संरक्षण देना शामिल है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पप्पू यादव इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बने और मजबूती से खड़े हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी गिरफ्तारी का मकसद जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराना और दबाना है। राहुल गांधी ने इसे केवल राजनीति नहीं, बल्कि इंसाफ और बिहार की बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।

इस मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल अत्याचार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा कि पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई घटना बेहद झकझोर देने वाली है और उससे भी ज्यादा खौफनाक सरकार का रवैया है।

प्रियंका गांधी ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज करने से लेकर जांच और कार्रवाई तक सब कुछ संदिग्ध क्यों बना दिया गया। उन्होंने पूछा कि आखिर किसे बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, वहां भाजपा शासित राज्यों में पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय आरोपियों को संरक्षण मिलता है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश