खजूर को सुपरफूड की श्रेणी में रखा जाता है। इसमें शरीर के लिए जरूरी कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। फाइबर, आयरन, पोटैशियम, मैग्नीशियम और प्राकृतिक शर्करा से भरपूर खजूर शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करता है। यही कारण है कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को खजूर खाने की सलाह दी जाती है।
हालांकि बाजार में मिलने वाले सभी खजूर अच्छे नहीं होते हैं। कई बार अधिक मीठा और ताजा दिखाने के लिए इनमें रंग, केमिकल या गुड़ जैसी चीजों की मिलावट की जाती है। ऐसे खजूर स्वाद में अच्छे लग सकते हैं, लेकिन नियमित सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होता है।
रंग और चमक से करें पहचान
असली खजूर आमतौर पर हल्के भूरे या मटमैले रंग का होता है। इसकी सतह पर प्राकृतिक बनावट दिखाई देती है और यह बहुत ज्यादा चमकदार नहीं होता।
वहीं मिलावटी खजूर अक्सर अत्यधिक चमकदार, चिकना और एकसमान रंग का दिखाई देता है। कई बार उस पर कृत्रिम रंग या केमिकल कोटिंग की जाती है, जिससे वह देखने में अधिक बेहतर लगे और ग्राहक को पसंद आए।
पानी में डालकर करें टेस्ट
खजूर की शुद्धता जांचने का एक आसान तरीका पानी टेस्ट भी है। यदि खजूर को पानी में डालने पर उसका रंग तेजी से निकलने लगे या पानी का रंग बदल जाए तो यह मिलावटी खजूर है। ऑरिजिनल खजूर पानी में अपना रंग तुरंत नहीं छोड़ता। इसलिए खरीदने के बाद यह जांच घर पर कर सकते हैं।
स्वाद से लगाएं पता
असली खजूर का स्वाद नेचुनल और कम मीठा होता है। इसे खाने पर खजूर का मीठापन धीरे-धीरे महसूस होता है और स्वाद लंबे समय तक अनुभव होता है।
दूसरी ओर मिलावटी खजूर में अधिक मीठापन, कृत्रिम स्वाद या अजीब सा आफ्टर टेस्ट महसूस हो सकता है। कुछ मामलों में इसे खाने के बाद मुंह का स्वाद भी बिगड़ सकता है।
खुशबू से करें पहचान
शुद्ध खजूर में हल्की प्राकृतिक मिठास वाली सुगंध होती है। उसकी खुशबू ताजगी का एहसास कराती है। यदि खजूर से किसी प्रकार की केमिकल जैसी गंध आए या उसमें बिल्कुल भी प्राकृतिक खुशबू महसूस न हो तो वह नकली खजूर हो सकता है।
खजूर खाने के फायदे
असली खजूर शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है, जबकि विटामिन और मिनरल्स शरीर की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होते हैं।



















