बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग नजदीक है और राजनीतिक दलों ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तारापुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस रैली में उन्होंने एनडीए के उम्मीदवार और वर्तमान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की। अमित शाह ने कहा कि सम्राट चौधरी को जिताइए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे इन्हें और बड़ी जिम्मेदारी देंगे।
अमित शाह ने अपने भाषण में छठ पर्व और उसकी सांस्कृतिक परंपरा का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसा माना जाता है कि माता सीता ने मुंगेर में छठ पूजा की थी, लेकिन विपक्ष को इस परंपरा की समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में मोदी जी पर हमला करते-करते छठ मैया का अपमान कर दिया, जो बिहार की संस्कृति और भावनाओं से खिलवाड़ है। शाह ने कहा कि बिहार की जनता यह अपमान कभी स्वीकार नहीं करेगी और जवाब वोट की ताकत से देगी।
उन्होंने कहा कि जब-जब प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया गया है, तब-तब जनता ने पहले से अधिक समर्थन देकर कमल का फूल खिलाया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी जनता भावनाओं का सम्मान करते हुए एनडीए को मजबूत जनादेश देगी।
सम्राट चौधरी जमीन से जुड़े नेता- अमित शाह
सम्राट चौधरी को लेकर अमित शाह ने कहा कि वह जमीन से जुड़े नेता हैं और बिहार की समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि जब सम्राट चौधरी जीतकर पटना जाएंगे, तो प्रधानमंत्री मोदी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देंगे। उन्होंने लोगों से विश्वास जताते हुए कहा कि सम्राट चौधरी बिहार के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अपने संबोधन में अमित शाह ने महागठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरजेडी नई छवि और नए कपड़ों में पुराने जंगलराज की वापसी की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लालू यादव के शासन में अपहरण और अपराध बढ़े थे, जिसे नीतीश कुमार ने नियंत्रित किया। शाह ने कहा कि बिहार जानता है कि अगर सत्ता वापस गई तो वही जंगलराज फिर लौट आएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में कई विकास कार्य हुए हैं और केंद्र सरकार ने गंगा पुल, रामायण सर्किट और संरचनात्मक सुधारों पर काम किया है। शाह ने कहा कि एनडीए का लक्ष्य बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि बिहार में नेतृत्व स्पष्ट है—बिहार में नीतीश कुमार की सरकार और दिल्ली में नरेंद्र मोदी की। उन्होंने कहा कि विपक्ष सिर्फ परिवारवाद और सत्ता पाने की राजनीति कर रहा है, जबकि एनडीए राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।



















