MP News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक दर्दनाक हादसा हो गया। अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरामसेड़ा गांव में कुएं में गिरे एक बैल को बचाने की कोशिश तीन ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ गई। बैल को निकालने के लिए एक-एक कर चार लोग कुएं में उतरे, लेकिन भीतर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस की चपेट में आने से सभी बेहोश हो गए।
ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे अहिरान टोला में हुई। गांव निवासी रामनिवास कुशवाहा के घर के पास स्थित लगभग 35 फीट गहरे कुएं में एक बैल गिर गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पहले दो ग्रामीण रस्सी के सहारे कुएं में उतरे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी आवाज आना बंद हो गई।
दोनों के बाहर नहीं आने पर दो और कुएं में उतरे
जब काफी देर तक दोनों बाहर नहीं आए तो ऊपर मौजूद दो अन्य ग्रामीण बिना किसी सुरक्षा उपकरण के उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गए। हालांकि, वे भी अंदर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण अचेत हो गए। इसके बाद कुएं के बाहर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और रस्सियों, हुक तथा अन्य स्थानीय संसाधनों की मदद से चारों लोगों को बाहर निकाला। इसी दौरान डायल-112 पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्ण कुमार यादव (28), वीरेंद्र यादव (47) और राहुल यादव (34) को मृत घोषित कर दिया। तीनों खरामसेड़ा गांव के अहिरान टोला के निवासी थे। वहीं चौथे ग्रामीण रामचंद्र यादव की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुआं करीब 35 फीट गहरा है, जिसमें घुटनों तक पानी भरा था। आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय तक हवा का पर्याप्त प्रवाह नहीं होने के कारण कुएं के निचले हिस्से में जहरीली गैस जमा हो गई थी, जिससे अंदर उतरने वालों का दम घुट गया।
अमरपाटन एसडीओपी ख्याति मिश्रा ने बताया कि बैल को बचाने के दौरान चार लोग कुएं में उतरे थे। समय पर बाहर नहीं आने पर ग्रामीणों ने उन्हें निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्रथम दृष्टया मामला ऑक्सीजन की कमी या दम घुटने से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


















