39.1 C
Indore
Friday, May 22, 2026
Homeमध्यप्रदेशट्विशा मौत मामले में हाई-वोल्टेज ड्रामा, सवालों से घिरे वकील ने कार...

ट्विशा मौत मामले में हाई-वोल्टेज ड्रामा, सवालों से घिरे वकील ने कार का बोनट पीटा

Date:

भोपाल में मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी गई है। इस बीच ट्विशा की सास के वकील का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पत्रकारों के सवालों पर नाराज होते नजर आ रहे हैं।

भोपाल में मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शुक्रवार को मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की सिफारिश कर दी। इसी बीच ट्विशा की रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह के वकील एनोश जॉर्ज का एक वीडियो भी वायरल हो गया, जिसमें वे पत्रकारों के सवालों पर नाराज दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि गिरिबाला सिंह के आवास से बाहर निकलते समय पत्रकारों ने वकील एनोश जॉर्ज से लगातार सवाल पूछे। इसी दौरान वे असहज हो गए और कथित तौर पर अपने सामने खड़ी कार के बोनट पर हाथ मारते नजर आए।

पत्रकारों के सवालों पर बढ़ा तनाव

पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई जांच होनी चाहिए। इस पर उन्होंने कहा कि “बिल्कुल होनी चाहिए।” हालांकि लगातार सवाल पूछे जाने के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पैर पर गाड़ी का टायर चढ़ गया है और उन्हें चोट लग सकती है।

इस दौरान मौजूद एक रिपोर्टर ने उनसे माफी भी मांगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। उनके परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि समर्थ सिंह घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

दोबारा पोस्टमार्टम की मांग

ट्विशा के परिवार ने अब तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया है। परिवार का आरोप है कि भोपाल AIIMS में किए गए पहले पोस्टमार्टम में कई खामियां हैं। इसलिए वे AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे हैं।

इस बीच समर्थ सिंह ने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन उसे निचली अदालत से राहत नहीं मिली। वहीं उनकी मां गिरिबाला सिंह को पहले अंतरिम राहत मिल चुकी है।

मामले में लगातार बढ़ते विवाद और सार्वजनिक दबाव के बाद अब राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में केस में कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश