37.9 C
Indore
Wednesday, May 20, 2026
Homeअंतर्राष्ट्रीयPM मोदी से सवाल पूछने वाली नॉर्वे की पत्रकार हेली लेंग के...

PM मोदी से सवाल पूछने वाली नॉर्वे की पत्रकार हेली लेंग के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड

Date:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे के दौरान सवाल पूछकर चर्चा में आईं पत्रकार हेली लेंग ने दावा किया है कि भारी ट्रोलिंग के बीच उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया यूरोप दौरे के दौरान नॉर्वे की पत्रकार हेली लेंग अचानक चर्चा में आ गई थीं। ओस्लो में आयोजित संयुक्त मीडिया ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने प्रेस फ्रीडम और मानवाधिकार से जुड़े सवाल पूछने की कोशिश की थी। अब इस पूरे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है।

नॉर्वे के अखबार ‘डागसाविसेन’ से जुड़ी पत्रकार हेली लेंग ने दावा किया है कि उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उस विवाद के बाद हुई, जब उन्होंने पीएम मोदी से सवाल पूछे थे और उसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

एक्स पर किया पोस्ट

हेली लेंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने जीवन में पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं किया। उन्होंने कहा कि वह भारतीय यूजर्स को जवाब देना चाहती थीं, लेकिन फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बंद होने के कारण ऐसा नहीं कर पा रही हैं।

पत्रकार ने उम्मीद जताई कि मेटा जल्द उनके अकाउंट दोबारा बहाल करेगा। हालांकि अभी तक मेटा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद

हेली लेंग को इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स ने उनके पुराने लेख और चीन से जुड़े विषयों पर लिखी रिपोर्ट्स को शेयर करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उन्हें ‘फॉरेन प्लांट’ और ‘चाइनीज प्रॉक्सी’ तक कहा।

वहीं दूसरी ओर इस पूरे विवाद के बाद एक्स पर उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। घटना से पहले उनके फॉलोअर्स 1000 से भी कम बताए जा रहे थे, लेकिन कुछ ही दिनों में यह संख्या 45 हजार से अधिक पहुंच गई।

क्या था पूरा मामला?

ओस्लो में भारत और नॉर्वे के प्रधानमंत्रियों की संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हेली लेंग ने पीछे से सवाल पूछा था कि “आप दुनिया के सबसे आजाद प्रेस के सवालों का जवाब क्यों नहीं देते?”

इसके बाद विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि भारत को समझे बिना इस तरह के सवाल उठाना उचित नहीं है। इसी बयान के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया और राजनीतिक चर्चाओं में तेजी से वायरल हो गया।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश