41 C
Indore
Thursday, May 14, 2026
Homeमध्यप्रदेशइंदौरइंदौर में एक ही परिवार की दो बच्चियों की संदिग्ध मौत, मां-बहन...

इंदौर में एक ही परिवार की दो बच्चियों की संदिग्ध मौत, मां-बहन की हालत गंभीर

Date:

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में एक ही परिवार की दो बच्चियों की संदिग्ध हालात में मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। मामला देपालपुर कस्बे का है, जहां पिछले चार दिनों के भीतर दो सगी बहनों की मौत हो गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव हासानी के अनुसार छह वर्षीय बच्ची की मौत 9 और 10 मई की दरम्यानी रात हुई थी। परिजन उसे मृत अवस्था में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बताया गया कि बच्ची को उल्टियों की शिकायत थी, लेकिन परिवार ने समय रहते किसी चिकित्सक से इलाज नहीं कराया।

दूसरी बहन ने अस्पताल में तोड़ा दम

पहली घटना के दो दिन बाद आठ वर्षीय दूसरी बच्ची की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया है और विसरा जांच के लिए भेजा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि जब तक पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

मामले से जुड़ी प्रमुख जानकारीविवरण
स्थानदेपालपुर, इंदौर
मृत बच्चियांदो सगी बहनें
पहली मौत9-10 मई की रात
दूसरी मौत11 मई

परिवार के अन्य सदस्य भी बीमार

सीएमएचओ के अनुसार बच्चियों की मां और एक अन्य बहन भी बीमार हैं, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग लगातार उनकी निगरानी कर रहा है।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आसपास के करीब 200 घरों का सर्वे किया। अधिकारियों के मुताबिक इलाके में किसी अन्य व्यक्ति में गंभीर उल्टी-दस्त या बुखार जैसे लक्षण नहीं पाए गए।

हालांकि बच्चियों के घर के आसपास काफी गंदगी मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद प्रशासन ने स्थानीय निकाय को तत्काल साफ-सफाई के निर्देश दिए हैं।

इंदौर नगर निगम ने देपालपुर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान शुरू करने की बात कही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश