मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में जिला प्रशासन ने एक अवैध कारखाने पर छापा मारकर बड़ा खुलासा किया है। यहां पशुओं की चर्बी से घी और आइसक्रीम बनाने का काम किया जा रहा था। संयुक्त टीम ने मौके से भारी मात्रा में नकली उत्पाद और कच्चा माल बरामद किया है।
इस कार्रवाई में सिटी मजिस्ट्रेट, नगर निगम, खाद्य विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम शामिल रही। आरोपी अनवर कुरैशी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान 79 टीन के कनस्तर और 9 नीले ड्रम में भरा नकली घी बरामद किया गया। इसके अलावा बोरे भरकर पशुओं के अवशेष भी मौके से मिले हैं।
अधिकारियों के अनुसार, संकरी गलियों में बने कई कमरों में यह अवैध कारोबार संचालित हो रहा था। जैसे-जैसे कमरे खोले गए, अंदर से बड़ी मात्रा में चर्बी और अन्य सामग्री मिली।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि मोघट थाना क्षेत्र के इमलीपुरा वार्ड स्थित बेगम पार्क के पास यह अवैध फैक्ट्री चल रही है। मुखबिर की सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह संयुक्त टीम ने दबिश दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृत पशुओं की खाल, चर्बी और हड्डियों का उपयोग कर घी तैयार किया जा रहा था, जिसे बाजार में सप्लाई किया जाता था।
लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़- जिला प्रशासन
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि यह गतिविधि सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। मौके से जब्त सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पशु चिकित्सा विभाग ने भी चर्बी और चमड़े के नमूने लेकर लैब परीक्षण के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
प्रशासन ने अवैध कारखाने को सील कर दिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और जिले में अन्य स्थानों पर भी जांच तेज की जाएगी।

















