23.5 C
Indore
Tuesday, March 24, 2026
Homeराजनीतिशशि थरूर ने खुलकर की राहुल गांधी की तारीफ, बताया ईमानदार नेता...

शशि थरूर ने खुलकर की राहुल गांधी की तारीफ, बताया ईमानदार नेता और क्या कहा?

Date:

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को पार्टी नेता राहुल गांधी की खुलकर तारीफ की। उन्होंने राहुल गांधी को एक ईमानदार नेता बताया और कहा कि वह देश में सांप्रदायिकता, नफरत और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाते हैं। थरूर के मुताबिक यही वजह है कि राहुल गांधी को बड़ी संख्या में लोग पसंद करते हैं।

तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी को लेकर उनकी राय में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी भी राहुल गांधी के खिलाफ की गई किसी गलत टिप्पणी का समर्थन नहीं किया। थरूर ने कहा कि राहुल गांधी एक ईमानदार नेता हैं और पार्टी के भीतर और बाहर दोनों जगह अपने विचारों को स्पष्ट रूप से रखते हैं।

थरूर का यह बयान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से हुई मुलाकात के एक दिन बाद आया है। इस मुलाकात के बाद शशि थरूर ने कहा था कि अब सब कुछ ठीक है और हम सभी साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर मतभेद और नाराजगी की चर्चाओं के बीच इस बयान को अहम माना जा रहा है।

थरूर विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते

दरअसल, थरूर हाल ही में कोच्चि में हुए एक कार्यक्रम के दौरान अपने साथ हुए व्यवहार और केरल में कुछ नेताओं द्वारा उन्हें कथित तौर पर दरकिनार किए जाने से नाराज बताए जा रहे थे। इसी को लेकर पार्टी के अंदर असहजता की खबरें सामने आई थीं। हालांकि अब थरूर ने साफ संकेत दिए हैं कि वह विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते।

शशि थरूर ने यह भी कहा कि कुछ मुद्दों पर उनके रुख को मीडिया ने बीजेपी समर्थक के तौर पर पेश किया, लेकिन उन्होंने हमेशा खुद को सरकार समर्थक नहीं बल्कि भारत समर्थक माना है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मामलों पर वह राजनीति करने के बजाय देशहित की बात करना पसंद करते हैं। थरूर ने यह भी स्वीकार किया कि पार्टी के किसी भी सदस्य को पार्टी लाइन के खिलाफ नहीं जाना चाहिए।

गौरतलब है कि पिछले साल पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों और कूटनीतिक बातचीत को लेकर थरूर की टिप्पणियां पार्टी के आधिकारिक रुख से अलग मानी गई थीं। इसको लेकर कांग्रेस के भीतर उनकी आलोचना भी हुई थी। अब राहुल गांधी की खुली तारीफ कर थरूर ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि मतभेदों के बावजूद पार्टी के भीतर एकजुटता बनी हुई है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश