प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तमिलनाडु में चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए द्रमुक सरकार पर तीखा हमला बोला। चेन्नई से करीब 100 किलोमीटर दूर मदुरंतकम में एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने स्टालिन सरकार को भ्रष्टाचार, माफिया और अपराध से जुड़ी सरकार बताया। उन्होंने कहा कि इस शासन में न तो लोकतंत्र सुरक्षित है और न ही जनता का भरोसा बचा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि द्रमुक का शासन वंशवाद और भ्रष्टाचार पर टिका हुआ है और इसकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। तमिलनाडु की जनता अब बदलाव के मूड में है और राज्य को कुशासन से मुक्ति दिलाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को दिया गया हर वोट भ्रष्टाचार और ड्रग माफिया के खिलाफ जाएगा।
पीएम मोदी ने द्रमुक सरकार को तमिल संस्कृति का विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और द्रमुक की नीतियों के कारण ही पारंपरिक खेल जल्लीकट्टू पर प्रतिबंध लगाया गया था। बाद में एनडीए सरकार ने इस प्रतिबंध को हटाकर जल्लीकट्टू का आयोजन फिर से सुनिश्चित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा द्रमुक सरकार तिरुपरनकुंद्रम दीपम जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का भी विरोध कर रही है।
प्रधानमंत्री ने काशी तमिल संगमम का जिक्र करते हुए तमिल भाषा और संस्कृति के प्रति अपने सम्मान की बात कही। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके शासन में महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया था और राजग सरकार उस परंपरा को आगे बढ़ाएगी।
पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियाँ भी गिनाई
अपने भाषण में पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने तमिलनाडु को करीब तीन लाख करोड़ रुपये दिए हैं। यह राशि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के समय की तुलना में तीन गुना ज्यादा है। उन्होंने वंदे भारत ट्रेनों, रेलवे के बढ़े हुए बजट और बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए राज्य में डबल इंजन सरकार की जरूरत बताई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर राज्य और केंद्र में एक ही विचारधारा की सरकार होगी तो तमिलनाडु को वैश्विक निवेशकों का बड़ा लाभ मिलेगा और विकास की रफ्तार तेज होगी। उन्होंने उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे में बड़े बदलाव का भरोसा दिलाया।
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पोंगल के अवसर पर तमिलनाडु में उत्सव का माहौल है और देश नेताजी को याद कर रहा है। पीएम मोदी ने मदुरंतकम के एरिकथा रामर मंदिर का भी उल्लेख किया और वहां के भगवान राम को नमन किया।
भाषण का समापन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु और देश के विकास के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने अपना संबोधन “वनक्कम” और “भारत माता की जय” के नारे के साथ समाप्त किया।


















