22.1 C
Indore
Wednesday, March 25, 2026
Homeस्पोर्ट्सभारत में टी20 विश्व कप नहीं खेलेगा बांग्लादेश, बाहर होने की कगार...

भारत में टी20 विश्व कप नहीं खेलेगा बांग्लादेश, बाहर होने की कगार पर टीम, पाकिस्तान का क्या है हाल

Date:

टी20 विश्व कप को लेकर बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि उसकी टीम भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के मैच नहीं खेलेगी। इसका सीधा असर यह होगा कि बांग्लादेश की टूर्नामेंट से बाहर होने की स्थिति बन गई है। ऐसी स्थिति में उसकी जगह किसी दूसरी टीम को शामिल किया जा सकता है, जिसमें स्कॉटलैंड का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की ओर से अब सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी है।

ढाका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने पुष्टि की कि बांग्लादेश की टीम टी20 विश्व कप के लिए भारत नहीं जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड आखिरी बार आईसीसी से बातचीत कर अपने मैचों को किसी तटस्थ स्थान पर कराने की कोशिश करेगा।

अमीनुल इस्लाम ने बताया कि बांग्लादेश चाहता है कि उसके मैच श्रीलंका में कराए जाएं। हालांकि आईसीसी पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। आईसीसी का कहना है कि अगर बांग्लादेश भारत में खेलने नहीं आता है तो उसकी जगह किसी दूसरी टीम को टूर्नामेंट में शामिल किया जाएगा।

बीसीबी अध्यक्ष ने कहा कि बांग्लादेश विश्व कप खेलना चाहता है, लेकिन भारत में नहीं। उनका कहना है कि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को एक टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है, तो फिर टीम की सुरक्षा को लेकर भरोसा कैसे किया जाए।

मुस्तफिजुर के रिलीज के बाद शुरू हुआ विवाद

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से रिलीज कर दिया गया। इसके बाद बीसीबी ने ऐलान किया था कि उसकी टीम कोलकाता और मुंबई में होने वाले विश्व कप के ग्रुप मैचों के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी।

इस बीच पाकिस्तानी मीडिया में भी हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान के जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अगर बांग्लादेश की मांगों को नहीं माना जाता है तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी टी20 विश्व कप के बहिष्कार पर विचार कर सकता है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पीसीबी के अधिकारी बांग्लादेश के अंतिम फैसले का इंतजार कर रहे थे। अब जब बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया है, तो पाकिस्तान के अगले कदम पर भी नजरें टिकी हैं।

आईसीसी ने इस पूरे मामले पर सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में आईसीसी ने बांग्लादेश की मांगों को खारिज कर दिया था। आईसीसी ने कहा था कि भारत में किसी भी आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों, अधिकारियों या दर्शकों की सुरक्षा को लेकर कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है। इसलिए मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही कराए जाएंगे।

आईसीसी बोर्ड की यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, 16 सदस्य बोर्ड में से 14 ने बीसीबी के मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध के खिलाफ मतदान किया। केवल बांग्लादेश और पाकिस्तान ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद बीसीबी को अंतिम फैसला लेने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया था, जिसे बाद में एक दिन और बढ़ा दिया गया।

बांग्लादेश के कप्तान ने जताई चिंता

बांग्लादेश को ग्रुप सी में वेस्टइंडीज, इटली, इंग्लैंड और नेपाल के साथ रखा गया है। बीसीबी ने पहले अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी। इसके अलावा उसने आयरलैंड की जगह ग्रुप बी में शामिल होने का प्रस्ताव भी दिया था, जिसमें श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे शामिल हैं। आईसीसी ने ये सभी मांगें ठुकरा दीं।

इस पूरे विवाद पर बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल और मौजूदा टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने भी चिंता जताई है। तमीम इकबाल ने कहा कि आज लिए गए फैसलों के असर अगले कई साल तक दिख सकते हैं और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश