13.1 C
Indore
Thursday, February 5, 2026
Homeअन्य राज्यकानपुर: पत्नी के अपमानजनक मैसेज से आहत युवक ने ससुराल के बाहर...

कानपुर: पत्नी के अपमानजनक मैसेज से आहत युवक ने ससुराल के बाहर खाया जहर, मौत

Date:

कानपुर के चकेरी इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां चकेरी निवासी विक्रम ने अपनी पत्नी रिया के मायके के बाहर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आठ साल तक चले प्रेम संबंध के बाद दोनों ने मंदिर में शादी की थी, लेकिन बीते चार महीनों से आपसी विवाद के चलते रिया मायके में रह रही थी। परिजनों के अनुसार विक्रम लगातार पत्नी को वापस बुलाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान व्हाट्सएप पर रिया द्वारा भेजे गए अपमानजनक संदेशों से वह मानसिक रूप से टूट गया।

विक्रम की मौत के बाद उसके मोबाइल की जांच में पति-पत्नी के रिश्ते में बढ़ती कड़वाहट सामने आई। व्हाट्सएप चैट में रिया ने विक्रम के लिए बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। मैसेज में लिखा था, “तुझ जैसा नामर्द और धोखेबाज नहीं चाहिए। तुझसे, तेरे नाम से और तेरी दोगली हरकतों से नफरत हो गई है।” रिया के मैसेज के जवाब में विक्रम ने लिखा कि वह अब उसे परेशान नहीं करेगा। परिजनों का आरोप है कि इन तीखे शब्दों ने विक्रम को गहरे अवसाद में धकेल दिया।

गुरुवार को खाया जहर

गुरुवार को विक्रम अपनी पत्नी के घर पहुंचा और वहीं जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के बहनोई हिमांशु और पिता जय कुमार ने आरोप लगाया कि रिया लंबे समय से विक्रम को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी और घर के जेवरात और नकदी भी साथ ले गई थी।

मौत की खबर फैलते ही आक्रोशित परिजनों ने विक्रम का शव ससुराल के बाहर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजन पत्नी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची चकेरी पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीपी अभिषेक पांडे ने बताया कि व्हाट्सएप चैट को साक्ष्य के तौर पर लेते हुए पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने बताया कि विक्रम ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पिता होमगार्ड में कार्यरत हैं। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। उनका यह भी कहना है कि विक्रम पहले भी फांसी लगाने की कोशिश कर चुका था, लेकिन उस समय उसे बचा लिया गया था।

रिया ने विक्रम को अपनी बहन की शादी में भी शामिल नहीं होने दिया और उसके परिजनों के फोन नंबर तक ब्लॉक कर दिए थे। प्यार से शुरू हुआ यह रिश्ता आखिरकार तकरार और एक खौफनाक अंत में बदल गया।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश