Cyclone Shakti Alert: महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चक्रवात ‘शक्ति’ को लेकर अलर्ट जारी किया है। 4 से 7 अक्टूबर के बीच यह चक्रवात महाराष्ट्र के तटीय और आंतरिक जिलों में असर दिखा सकता है। चेतावनी के अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में तूफानी हवाओं और भारी बारिश की संभावना है।
4 और 5 अक्टूबर को उत्तरी महाराष्ट्र तट पर हवा की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा और तेज झोंकों के साथ 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। चक्रवात की तीव्रता के आधार पर यह गति और भी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने समुद्र की स्थिति को बेहद खराब बताया है। मछुआरों को समंदर में न जाने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने पूर्वी विदर्भ और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। उत्तरी कोंकण के निचले इलाकों में घने बादलों के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। वातावरण में नमी बढ़ने से बारिश का असर और तेज होने की संभावना है।
जिला प्रशासन को अलर्ट रहने का निर्देश
चक्रवात को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने जिला प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन सिस्टम को सक्रिय किया गया है। तटीय और निचले इलाकों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए निकासी योजनाएं तैयार की जा रही हैं। प्रशासन ने पब्लिक एडवाइजरी जारी कर लोगों से भारी बारिश और समुद्री यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।


















