कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए सख्त निर्देश, अधिकारियों की ड्यूटी तय
इंदौर, 1 अक्टूबर 2025रबी सीजन 2025-26 के लिए किसानों को समय पर
उर्वरक उपलब्ध कराने जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिले में उर्वरकों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने बताया कि प्रत्येक निजी विक्रय केन्द्र पर उपलब्ध उर्वरक की अद्यतन स्थिति की प्रतिदिन निगरानी के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसान अपनी धारित कृषि भूमि के अनुसार प्राथमिकता से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि विक्रेता उर्वरक केवल निर्धारित दर पर ही उपलब्ध कराएंगे और संपूर्ण वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से किया जाएगा।नियुक्त किए गए अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल उप संचालक, किसान कल्याण एवं कृषि विकास कार्यालय को दी जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।














