स्पेस क्राफ्ट भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) से अलग हुआ था। इसको धरती पर आने में करीब 6 घंटे लगे।
वॉशिंगटन। एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुश विलमोर को स्पेस स्टेशन ले जाने वाला स्पेस क्राफ्ट 3 महीने बाद धरती पर सुरक्षित लैंड हो गया है। 3 बड़े पैराशूट और एयरबैग की मदद से इसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई। स्पेस क्राफ्ट भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) से अलग हुआ था। इसको धरती पर आने में करीब 6 घंटे लगे। स्टारलाइनर ने 9 बजकर 15 मिनट पर पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश किया था। तब इसकी गति करीब 2,735 किमी प्रति घंटा थी। यह सुबह 9 बजकर 32 मिनट पर अमेरिका में न्यू मैक्सिको के व्हॉइट सैंड स्पेस हॉर्बर (रेगिस्तान) में लैंड हुआ। बोइंग कंपनी ने नासा के साथ मिलकर यह स्पेस क्राफ्ट बनाया है। 5 जून को इससे सुनीता और बुच को आईएसएस पर भेजा गया था। यह सिर्फ 8 दिन का मिशन था, लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण इसकी वापसी टालनी पड़ी थी। अब यह स्पेसक्राफ्ट बिना क्रू के पृथ्वी पर वापस आ चुका है।
नासा और बोइंग की टीम स्पेस क्राफ्ट में मौजूद केमिकल्स की जांच करेगी रेस्क्यू एंड रिकवरी टीम स्पेस क्राफ्ट के पास पहुंचने के लिए पूरी तरह से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही है। दरअसल अभी नासा और बोइंग की टीम स्पेस क्राफ्ट में मौजूद केमिकल्स की जांच करेगी। वह जांच करेगी कि कहीं इससे कोई खतरनाक केमिकल तो नहीं निकल रहा। इसके बाद ही टीम को वहां जाने की अनुमति मिलेगी।
सुनीता विलियम्स ने खुशी जताई
इसके बाद नासा और बोइंग की टीम इसे वापस असेंबली यूनिट में लेकर जाएगी। वहां पर उसकी जांच की जाएगी। पता किया जाएगा कि स्टारलाइन के प्रॉपल्शन सिस्टम में क्यों खराबी आई। किस वजह से हीलियम लीक हुई। विदेशी मीडिया के मुताबिक स्पेस क्राफ्ट की लैंडिंग के बाद स्पेस स्टेशन में मौजूद सुनीता विलियम्स ने खुशी जताई है। उन्होंने टीम की प्रशंसा करते हुए कहा- आप लोग बेहतरीन हैं।
सुनीता विलियम्स की वापसी को लेकर सवाल बरकरार?
5 जून 2024 को सुनीता स्टारलाइनर नाम के स्पेसक्राफ्ट में सवार होकर स्पेस मिशन पर गई थीं। यह अमेरिकी एयरक्राफ्ट कंपनी बोइंग और नासा का संयुक्त ‘क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन’ है। इसमें सुनीता, स्पेसक्राफ्ट की पायलट थीं। उनके साथ गए बुश विलमोर इस मिशन के कमांडर थे। दोनों को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में 8 दिन रुकने के बाद वापस पृथ्वी पर आना था, लेकिन स्पेसक्राफ्ट में तकनीकी दिक्कतों और हीलियम गैस के रिसाव के चलते सुनीता वहीं फंसी हैं। सुनीता विलियम्स की धरती पर वापसी कब होगी इसे लेकर फिलहाल सवाल बरकरार है।


















