“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में 400 श्रमवीरों ने रोपे एक लाख बीज

इंदौर संभाग के बुरहानपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में अभिनव पहल की गई। बुरहानपुर जिला कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देशन में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान अंतर्गत जिले के ग्राम झिरी की फोरलेन समीपस्थ पहाड़ी पर पर्यावरण संवर्धन हेतु एक ऐतिहासिक बीजारोपण श्रमदान संपन्न हुआ। इस अभियान में बुरहानपुर नगरी को हराभरा बनाने के संकल्प के साथ पलाश, चिरोल, करंज, अमलतास, सीताफल एवं टेमरू प्रजातियों के कुल एक लाख बीजों का रोपण 50 हजार गड्ढों में किया गया।

इस पुनीत कार्य में बुरहानुपर जिले की शासकीय शालाओं के 100 विद्यार्थी, आयुर्वेद महाविद्यालय के 100 विद्यार्थी, ठाकुर शिवकुमार सिंह महाविद्यालय के लगभग 75 विद्यार्थी, विभिन्न संस्थाओं के शिक्षकगण, जिला अधिकारीगण, पटवारी एवं ग्रामीणजन सहित कुल 400 श्रमवीरों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस बीजारोपण अभियान का संचालन अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान एवं सीईओ जिला पंचायत सुश्री लता शरणागत के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा कि “बुरहानपुर के कोने-कोने में बीजारोपण कर हम सब मिलकर पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाएंगे। यह केवल बीज नहीं, हरियाली और जीवन का बीजारोपण है।” सीईओ जिला पंचायत सुश्री लता शरणागत ने भी बीजारोपण किये। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक श्रमदान से यह स्पष्ट है कि बुरहानपुर जन-जन की भागीदारी से हरियाली की ओर दृढ़ता से अग्रसर है। यह अभियान न केवल पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में सार्थक पहल है, बल्कि भावी पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण देने की जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार ने कहा कि जहाँ बीज पनपते हैं वहाँ भविष्य खिलता है। प्रकृति की सेवा, माँ को समर्पित एक वृक्ष। बुरहानपुर को हराभरा बनाने हेतु प्रतिदिन हजारों बीजों का रोपण अलग-अलग पहाड़ियों पर किया जा रहा है। श्रमदान के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री अजमेरसिह गौड़, एसडीएम भागीरथ वाखला,जिला शिक्षा अधिकारी संतोष सोलंकी, डीपीसी रविन्द्र महाजन, तहसीलदार, पटवारी, अधिकारी-कर्मचारी,शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने बीजारोपण किये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here