Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मथुरा के महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव घर के अंदर मिले हैं। शवों के पास दूध के गिलास मिलने से सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों में पति-पत्नी के साथ एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना देर रात किसी समय हुई। सुबह जब घर से कोई बाहर नहीं निकला तो परिजनों और आसपास के लोगों को शक हुआ। जब लोग घर के अंदर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार खप्परपुर गांव निवासी 35 वर्षीय मनीष खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके साथ उनकी पत्नी 32 वर्षीय सीमा, पांच साल की बेटी हनी, चार साल की बेटी प्रियांशी और दो साल का बेटा पंकज मृत पाए गए। एक साथ पांच शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने घर को सील कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक घर की रसोई की दीवार पर लिखा मिला है कि हम स्वयं आत्महत्या कर रहे हैं। इससे आत्महत्या की आशंका और गहरी हो गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों को जानने के लिए मनीष के परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। बताया गया है कि मनीष के घर के पास ही उनके दो अन्य भाई रहते हैं। कुछ दिन पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















