23.1 C
Indore
Sunday, August 23, 2026
Homeबड़ी खबरमहाकाल मंदिर मार्ग पर फिर चला बुलडोजर, बेगमबाग में 16 अवैध निर्माण...

महाकाल मंदिर मार्ग पर फिर चला बुलडोजर, बेगमबाग में 16 अवैध निर्माण ध्वस्त

Date:

उज्जैन के महाकाल मंदिर मार्ग के पास स्थित बेगमबाग इलाके में शनिवार सुबह प्रशासन ने एक बार फिर कार्रवाई शुरू की। उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कथित अवैध निर्माणों को हटाया।

अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान 16 मकानों और अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के लिए 7 पोकलेन और 4 जेसीबी सहित अन्य मशीनों का इस्तेमाल किया गया। मौके पर 50 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी तैनात रहे।

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान तीन थानों का पुलिस बल लगाया गया था। उन्होंने बताया कि मौके पर किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया। मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में डायवर्जन किया गया।

आवासीय भूखंडों के व्यावसायिक इस्तेमाल का आरोप

UDA के सीईओ संदीप सोनी के मुताबिक, बेगमबाग कॉलोनी में विकास प्राधिकरण की ओर से आवासीय उपयोग के लिए भूखंड लीज पर दिए गए थे। आरोप है कि लीज की शर्तों के विपरीत इनका व्यावसायिक इस्तेमाल किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, कई भूखंडों पर होटल, रेस्टोरेंट, गेस्टहाउस, डेयरी और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। कुछ मामलों में एक भूखंड पर कई व्यावसायिक निर्माण किए जाने की बात भी सामने आई है।

UDA के मुताबिक, लीज की अवधि समाप्त होने के बाद कई भूखंडों का नवीनीकरण नहीं कराया गया। संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए थे।

कोर्ट से स्टे हटने के बाद कार्रवाई

UDA अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई से पहले कुछ प्रभावित लोगों ने अदालत का रुख किया था। मामले में कोर्ट से स्टे मिला था। स्टे समाप्त होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का रास्ता साफ होने की बात कही और शनिवार को निर्माण हटाने का अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले इसी क्षेत्र में 72 मकानों और दुकानों को हटाया जा चुका है। बाकी चिन्हित निर्माणों पर भी नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

प्रशासन के मुताबिक, महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले इस मार्ग पर भविष्य में सड़क और ब्रिज से जुड़े विकास कार्य प्रस्तावित हैं। हरिफाटक ब्रिज के चौड़ीकरण और मंदिर क्षेत्र के लिए प्रस्तावित टनल के निर्माण में इन निर्माणों को बाधा बताया गया है।

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में बुनियादी ढांचे से जुड़े कई काम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महाकाल मंदिर पहुंच मार्ग को बेहतर बनाने के लिए भी विकास योजनाएं चल रही हैं।

45 भूखंडों को लेकर सामने आई जानकारी

UDA के अनुसार, बेगमबाग क्षेत्र में करीब 45 आवासीय भूखंड लगभग 2,400 वर्गफीट क्षेत्रफल के थे। इन्हें 30 साल की लीज पर आवासीय उपयोग के लिए दिया गया था।

आरोप है कि बाद में इन भूखंडों को छोटे हिस्सों में बांटकर कई निर्माण किए गए और उनका व्यावसायिक उपयोग शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित भूखंड धारकों को लीज शर्तों और नवीनीकरण को लेकर नोटिस दिए गए थे।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश