तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर की ओर से नई अत्याधुनिक मोबाइल डेंटल वैन जनता को समर्पित की गई। यह वैन अब मुहल्लों और गांव-गांव आपके द्वार पहुंचेगी। इस मोबाइल डेंटल वैन का शुभारंभ कुलाधिपति सुरेश जैन और फर्स्ट लेडी वीना जैन ने जिनालय के सामने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन, एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन और कुलपति प्रो. वीके जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। उद्घाटन से पूर्व ऋचा जैन ने मोबाइल डेंटल वैन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर वैन को जनसेवा के लिए रवाना किया गया।
कुलाधिपति सुरेश जैन ने उम्मीद जताई कि यह मोबाइल डेंटल वैन सेवा विशेष रूप से गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए वरदान सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि इस मोबाइल डेंटल वैन में दी जाने वाली सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क होंगी।
ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन ने कहा कि इस मोबाइल डेंटल वैन के माध्यम से उन दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते हैं। अब सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी मरीजों को दंत जांच, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दंत चिकित्सा सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस चलता-फिरता डेंटल क्लिनिक
एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन ने बताया कि यह मोबाइल डेंटल वैन पूरी तरह सुसज्जित चलता-फिरता डेंटल क्लिनिक है। इसमें दो आधुनिक डेंटल चेयर, उच्च गुणवत्ता वाली कंपनी का कंप्रेसर, पूरी तरह सुसज्जित डिजिटल एक्स-रे यूनिट, इंट्रा ओरल स्कैनर और सभी आवश्यक डेंटल उपकरण उपलब्ध हैं। यह वैन पूरी तरह वातानुकूलित है, जिसमें मरीजों के साथ-साथ चिकित्सकों के कंफर्ट का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
वैन के बाहरी हिस्से में एक टीवी लगाया गया है, जिसके माध्यम से चलचित्र दिखाकर मरीजों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा वैन में इंडिपेंडेंट पावर सप्लाई की सुविधा भी दी गई है। यह मोबाइल डेंटल वैन समाज में दंत स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर डेंटल कॉलेज की डायरेक्टर गवर्नेंस नीलिमा जैन, डेंटल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. प्रदीप तांगड़े, उप-प्रधानाचार्या डॉ. अंकिता जैन, डॉ. विकास सिंह, डॉ. अभिनय अग्रवाल, डॉ. डीएस गुप्ता, डॉ. शलभ मेहरोत्रा, डॉ. राजीव पाठक सहित पीजी स्टूडेंट्स डॉ. हर्षित जैन, डॉ. तूलिका सक्सेना और डॉ. स्वयं सौरभ त्रिपाठी भी मौजूद रहे।




















