18.1 C
Indore
Sunday, March 1, 2026
Homeबिहारतेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की चर्चा तेज, लालू ने बुलाई अहम...

तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की चर्चा तेज, लालू ने बुलाई अहम बैठक

Date:

नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की अटकलें सियासी गलियारों में तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि तेजस्वी खुद विपक्ष के राज्यसभा उम्मीदवार हो सकते हैं और उनकी विधानसभा सीट राघोपुर से परिवार के किसी अन्य सदस्य को उपचुनाव में उतारा जा सकता है। हालांकि पार्टी की तरफ से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने रविवार को पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर पार्टी की अहम बैठक बुलाई है। शाम सात बजे होने वाली इस बैठक में पार्टी के सभी सांसद, विधायक, एमएलसी और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार के चयन पर मंथन किया जाएगा और माना जा रहा है कि बैठक के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

राज्यसभा की पांच सीटों पर होगा चुनाव

दरअसल बिहार की पांच राज्यसभा सीटें खाली होने जा रही हैं। इन पर चुनाव की घोषणा हो चुकी है। इनमें से तीन सीटों पर एनडीए और दो पर आरजेडी के मौजूदा सांसद हैं। विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के हिसाब से एनडीए की चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है लेकिन पांचवीं सीट के लिए ना एनडीए के पास पर्याप्त विधायक हैं और ना ही महागठबंधन के पास। ऐसे में पांचवीं सीट को लेकर असली सियासी दंगल देखने को मिल सकता है।

तेजस्वी यादव पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि महागठबंधन एनडीए के खिलाफ राज्यसभा में उम्मीदवार उतारेगा लेकिन जीत के लिए गणित आसान नहीं है। बिहार विधानसभा में आरजेडी के 25 समेत महागठबंधन के कुल 35 विधायक हैं जबकि एक सीट जीतने के लिए कम से कम 41 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। इस अंतर को पाटने के लिए तेजस्वी को असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के पांच और मायावती की बसपा के एक विधायक का साथ लेना होगा।

अगर यह गठजोड़ बन जाता है तो क्रॉस वोटिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता जो बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ ला सकती है। रविवार की बैठक में लालू यादव की रणनीति और तेजस्वी के भविष्य को लेकर जो भी फैसला होगा, वह बिहार के सियासी समीकरणों को काफी हद तक प्रभावित करेगा। अब सबकी नजरें इस बैठक के नतीजे पर टिकी हैं।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश