17.1 C
Indore
Monday, March 2, 2026
Homeअंतर्राष्ट्रीयदुबई एयर शो में तेजस फाइटर जेट क्रैश, पायलट की मौत, सामने...

दुबई एयर शो में तेजस फाइटर जेट क्रैश, पायलट की मौत, सामने आया तेजस जेट का क्रैश वीडियो

Date:

दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायु सेना का तेजस मार्क 1 फाइटर जेट करतब दिखाते हुए क्रैश हो गया। अब इस हादसे का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें पूरा घटनाक्रम स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेजस पहले ऊंचाई पर जाता है और हवा में लगातार करतब दिखाता है।

जेट तेजी से नीचे आता है फिर दोबारा ऊपर उड़ान भरता है और तब तक उसके पीछे धुआं दिखाई देता है। कुछ ही सेकंड बाद अचानक विमान से धुआं निकलना बंद हो जाता है। इसके बाद विमान सीधा नीचे गिरने लगता है और फिर जमीन से टकराकर क्रैश हो जाता है।

यह घटना शुक्रवार को दुबई के मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर शो के दौरान हुई। इस हादसे में पायलट की मौत हो गई जो विमान को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे। भारतीय वायु सेना ने पुष्टि की है कि तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ और इस हादसे में पायलट नहीं बच सके। वायु सेना ने बताया कि दुर्घटना की वजह जानने के लिए कोर्ट ऑफ इनक्वायरी का गठन किया गया है।

स्थानीय समय के अनुसार दोपहर दो बजकर दस मिनट के करीब यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही तेजस अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर गया और टकराते ही आग लग गई। गिरते ही उठे धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दिया। तेजस मार्क 1 वायु सेना के 18 स्क्वॉड्रन से जुड़ा हुआ विमान था और दुबई एयर शो में तीसरी बार शामिल हुआ था।

तेजस भारत का स्वदेशी लड़ाकू विमान है जिसे हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने तैयार किया है। यह पहला मौका है जब एयर शो में तेजस क्रैश हुआ है। इससे पहले मार्च 2024 में जैसलमेर के पास पोखरण में युद्धाभ्यास के दौरान तेजस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। दुबई एयर शो दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित एयर शो में से एक है जहां कई देशों की वायु सेनाएं अपने आधुनिक विमानों का प्रदर्शन करती हैं। आज शो का अंतिम दिन था और इसी दिन यह दर्दनाक हादसा हुआ।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश