T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच के बहिष्कार के फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पाकिस्तान सरकार के निर्देश के बाद अगर पीसीबी औपचारिक रूप से इस मैच से हटता है, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद उस पर कड़ी कार्रवाई कर सकती है। इसमें टूर्नामेंट से बाहर करने तक का कदम शामिल हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी अगले 48 घंटों के भीतर एक वर्चुअल बैठक बुलाने जा रहा है। इस बैठक में यह तय किया जाएगा कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट में बने रहने दिया जाए या नहीं। यदि पाकिस्तान को खेलने की अनुमति मिलती भी है, तो उस पर भारी आर्थिक और प्रशासनिक दंड लगाया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने भारत और आईसीसी के साथ न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने को लेकर जो समझौता किया था, उसका उल्लंघन किया है। ऐसे में अन्य सदस्य देश पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार कर सकते हैं। यह स्थिति पाकिस्तानी क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग कर सकती है।
आईसीसी की सख्ती का असर पाकिस्तान की कमाई पर भी पड़ सकता है। पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर रोक लगाई जा सकती है, जिससे लीग की ब्रांड वैल्यू को गहरा नुकसान पहुंचेगा। इसके अलावा आईसीसी से मिलने वाली वार्षिक फंडिंग पर भी खतरा मंडरा रहा है।
भारत-पाकिस्तान मैच न होने से ब्रॉडकास्टर्स को होने वाले भारी नुकसान की भरपाई भी पीसीबी से कराई जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक विज्ञापन राजस्व में ही 200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान संभव है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पाकिस्तान आखिरी वक्त पर अपना फैसला बदलता है या फिर आईसीसी की सख्ती का सामना करता है।





















