17.1 C
Indore
Monday, March 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशविदिशा में ठेले वाले पन्नालाल से मिले शिवराज सिंह चौहान, खजूर ने...

विदिशा में ठेले वाले पन्नालाल से मिले शिवराज सिंह चौहान, खजूर ने जीता दिल, दिया मदद का भरोसा

Date:

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता आज भी प्रदेश में बरकरार है। जब भी वह अपने संसदीय क्षेत्र या किसी जिले के दौरे पर निकलते हैं तो लोग उनसे मिलने को उत्सुक नजर आते हैं। ऐसा ही नजारा हाल ही में विदिशा में देखने को मिला।

विदिशा दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान की मुलाकात खजूर बेचकर जीवन यापन करने वाले पन्नालाल से हुई। सड़क किनारे ठेला लगाए पन्नालाल से बातचीत करते हुए शिवराज कुछ देर रुक गए। उन्होंने न सिर्फ पन्नालाल के ठेले से खजूर खरीदे, बल्कि उन्हें गले लगाकर आगे मदद का भरोसा भी दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो खुद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शिवराज पन्नालाल से आधा किलो खजूर खरीदते हैं। खजूर बिकते देख पन्नालाल के चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है। इसके बाद शिवराज उन्हें गले लगा लेते हैं और खजूर के पूरे पैसे भी देते हैं। हालांकि पन्नालाल पैसे लेने से मना करते रहते हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने बातचीत के दौरान पन्नालाल से पूछा कि कहीं खजूर सस्ते में तो नहीं दे दिए। पन्नालाल ने सिर हिलाकर मना किया। तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि पन्नालाल की कुछ मदद कर दी जाए। इस पर शिवराज ने तुरंत कहा कि पन्नालाल को मोटर ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी और जो भी संभव मदद होगी, वह जरूर की जाएगी।

बाद में शिवराज सिंह चौहान ने इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी लिखा। उन्होंने बताया कि पन्नालाल मेहनत करके अपने परिवार का पेट पालते हैं। उनके हाथों में संघर्ष की कहानी दिखती है, लेकिन चेहरे पर आत्मसम्मान की मुस्कान है। शिवराज ने कहा कि ऐसे मेहनतकश लोग ही देश की असली ताकत हैं और सरकार की कोशिश है कि उनकी जिंदगी थोड़ी आसान बने।

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे सादगी की मिसाल बताया है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश