मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भारतीय रेलवे की स्प्रिंग फैक्ट्री में गैस रिसाव के कारण आग लगने की गंभीर घटना सामने आई है। इस हादसे में पांच कर्मचारी झुलस गए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज नजदीकी निजी अस्पताल में चल रहा है।
यह हादसा बीती रात करीब 10 बजे झांसी रोड थाना क्षेत्र स्थित सिथौली रेलवे स्प्रिंग फैक्ट्री में हुआ। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में मेंटेनेंस का काम चल रहा था, तभी अचानक गैस लीक हुई और आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में कौशल श्रीवास्तव, योगेश, शब्बीर और मोहम्मद साबिर समेत कुल पांच लोग झुलस गए। इनमें से एक रेलवे कर्मचारी और चार कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी शामिल हैं। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
सभी पहलुओं की जांच की जा रही है- पुलिस
अस्पताल में इलाज कर रहीं डॉक्टर सोफी शकील ने बताया कि सभी घायलों को गंभीर जलन की हालत में लाया गया था। इनमें से तीन की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
झांसी रोड थाना के टीआई शक्ति यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। प्राथमिकता घायलों के इलाज और मामले की निष्पक्ष जांच को दी जा रही है।
हादसे में झुलसे योगेश जनगांम ने बताया कि वह मशीन के पास वायरिंग का काम कर रहे थे, तभी अचानक आग की लपटें उठीं और खुद को बचाने तक का समय नहीं मिला। वहीं करीब 60 प्रतिशत झुलसे मोहम्मद साबिर की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस मामले पर उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बंद मशीन की मेंटेनेंस के दौरान एलपीजी गैस का रिसाव हुआ था। पास में चल रहे स्प्रिंग निर्माण के कारण गैस ने आग पकड़ ली। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और लापरवाही पाए जाने पर ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















