20.1 C
Indore
Wednesday, March 25, 2026
Homeबड़ी खबरआधी रात ड्रामा के बाद पप्पू यादव गिरफ्तार, IGIMS से PMCH किया...

आधी रात ड्रामा के बाद पप्पू यादव गिरफ्तार, IGIMS से PMCH किया गया शिफ्ट

Date:

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को बीती देर रात पटना स्थित उनके आवास से हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी 31 साल पुराने एक मामले में की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए आईजीआईएमएस लेकर गई, जहां से बाद में उन्हें पीएमसीएच शिफ्ट कर दिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव ने खुद को बीमार बताते हुए इसका विरोध किया। उन्होंने यह आपत्ति भी जताई कि उन्हें गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिस अधिकारी सिविल ड्रेस में थे। पुलिस के पहुंचने के बाद सांसद को दवा खाते हुए भी देखा गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान उनके समर्थकों और परिजनों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

पप्पू यादव के फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट के जरिए बताया गया कि सांसद को पूरी रात आईजीआईएमएस में स्ट्रेचर पर रखा गया। उनके निजी सचिव के हवाले से दावा किया गया कि पटना पुलिस उन्हें अस्पताल में बेड तक उपलब्ध नहीं करा सकी और बाद में पीएमसीएच ले जाया गया। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि नीट से जुड़ी एक छात्रा के मामले में आवाज उठाने की वजह से यह कार्रवाई साजिश के तहत की गई है।

सांसद के वकील ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

सांसद के वकील शिवनंदन भारती ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव को 1995 के केस में पहले ही जमानत मिल चुकी थी और मामला अधिवक्ता लिपिक के माध्यम से देखा जा रहा था। वकील का आरोप है कि बेल टूटने से जुड़ी नोटिस की प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।

वकील के मुताबिक कानून के तहत धारा 82 की नोटिस चिपकाना जरूरी था, जो नहीं किया गया। इसके बजाय पुलिस सीधे धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी करने पहुंच गई, जो चौंकाने वाली है। उन्होंने इसे कानून प्रक्रिया का उल्लंघन बताया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सांसद पप्पू यादव को आज अदालत में पेश किया जाएगा। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें जेल भेजा जा सकता है, हालांकि उनकी तबीयत को देखते हुए अस्पताल में रखने का विकल्प भी खुला है। पेशी के समय को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

बताया जा रहा है कि पप्पू यादव अदालत में जमानत की मांग कर सकते हैं। यदि कोर्ट से बेल मिल जाती है तो उन्हें रिहा कर दिया जाएगा। उनकी कानूनी टीम जमानत के लिए पूरी तैयारी में जुटी हुई है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश