समाजवादी पार्टी संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव को गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड स्थित बैकुंठ धाम में अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों के साथ समाजवादी पार्टी, भाजपा और अन्य दलों के कई नेता मौजूद रहे।
प्रतीक यादव को मुखाग्नि उनकी पत्नी अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह विष्ट ने दी। अंतिम यात्रा के दौरान परिवार और समर्थकों की आंखें नम नजर आईं। शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव समेत परिवार के कई सदस्यों ने अर्थी को कंधा दिया।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
अंतिम संस्कार से पहले प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपर्णा यादव ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अंतिम संस्कार की जानकारी साझा की थी। उन्होंने लोगों से दुख की इस घड़ी में शामिल होने की अपील भी की।
अंतिम यात्रा में दिखी खास झलक
प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा में उनकी पशु प्रेमी छवि भी दिखाई दी। अंतिम यात्रा की गाड़ी को खास तरीके से सजाया गया था, जिसमें जानवरों के साथ उनकी तस्वीरें लगाई गई थीं।
बताया जाता है कि प्रतीक यादव डॉग लवर के रूप में भी काफी सक्रिय थे और पशुओं की देखभाल से जुड़े कार्यों में हिस्सा लेते थे। यही वजह रही कि अंतिम यात्रा में भी उनके इसी व्यक्तित्व को प्रमुखता से दिखाया गया।
अंतिम यात्रा में अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, आदित्य यादव, धर्मेंद्र यादव, तेज प्रताप यादव समेत कई राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। भाजपा की ओर से भी कई नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर प्रतीक यादव को सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।



















