महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सहित देश के अलग-अलग हिस्सों से नेताओं द्वारा शोक व्यक्ति किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अजित पवार के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अजित पवार जनता के नेता थे और उनकी जमीनी पकड़ मजबूत थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता के लिए फ्रंट पर रहकर काम करना उनकी पहचान थी। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों के लिए किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। उनका असमय निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है।
ममता बनर्जी ने की निष्पक्ष जांच की मांग
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महाराष्ट्र के पुणे जिले में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दर्दनाक घटना की उचित और निष्पक्ष जांच की मांग की है। ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अजित पवार का आकस्मिक निधन स्तब्ध करने वाला है और इस हादसे में उनके साथ सवार अन्य लोगों की भी मौत हुई है।
अपने संदेश में ममता बनर्जी ने कहा कि बारामती में हुए भीषण विमान हादसे से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने पवार परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और विशेष रूप से उनके चाचा शरद पवार का उल्लेख किया। ममता बनर्जी ने कहा कि इस त्रासदी ने पूरे देश को झकझोर दिया है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
बारामती में प्लेन क्रेश
जानकारी के अनुसार, अजित पवार जिस समय हादसे का शिकार हुए, वह बारामती में जिला परिषद चुनाव से जुड़ी एक रैली में शामिल होने जा रहे थे। इससे एक दिन पहले मंगलवार शाम वह मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ महाराष्ट्र कैबिनेट कमेटी की बैठक में शामिल हुए थे। इस बैठक में इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
अजित पवार के निधन के बाद देशभर से शोक संदेशों का सिलसिला जारी है। राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठन और आम लोग उन्हें याद कर रहे हैं। विमान हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

















