Phone Charging Tips: मोबाइल फोन की बैटरी को लंबे समय तक सुरक्षित और बेहतर स्थिति में बनाए रखने के लिए सही चार्जिंग बेहद जरूरी हैं। अधिकांश लोग रोजाना फोन चार्ज करते हैं, लेकिन कई बार छोटी-छोटी लापरवाहियां बैटरी की परफॉर्मेंस को कम कर देती हैं।
चार्जिंग से जुड़ी कुछ आम गलतियों से बचकर बैटरी की लाइफ बढ़ाई जा सकती है और फोन को ओवरहीटिंग जैसी समस्याओं से भी बचाया जा सकता है।
1. चार्जिंग के दौरान फोन का इस्तेमाल
कई लोग फोन को चार्जिंग पर लगाकर वीडियो देखते हैं, गेम खेलते हैं या लगातार सोशल मीडिया का उपयोग करते रहते हैं। ऐसा करने से बैटरी और प्रोसेसर दोनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। लगातार ऐसा करने से बैटरी की सेहत तेजी से खराब हो सकती है।
2. गर्म जगह पर फोन चार्ज करना
मोबाइल को तकिए के नीचे, गद्दे पर या ऐसी जगह रखना जहां हवा का प्रवाह कम हो, जोखिम बढ़ा सकता है। चार्जिंग के दौरान बैटरी सामान्य रूप से थोड़ी गर्म होती है। यदि गर्मी बाहर नहीं निकल पाती तो डिवाइस का तापमान और बढ़ सकता है।
3. हर बार 100 प्रतिशत तक चार्ज करना
कई लोग मानते हैं कि बैटरी को हमेशा 100 प्रतिशत तक चार्ज करना जरूरी है। हालांकि आधुनिक लिथियम-आयन बैटरियों के लिए बार-बार फुल चार्ज करना हमेशा सबसे अच्छा नहीं माना जाता। बैटरी को 20 से 80 प्रतिशत के बीच चार्ज करना चाहिए। इससे बैटरी की लाइफ बेहतर बनी रहती है।
4. फुल चार्ज होने के बाद भी चार्जर लगा छोड़ना
फोन पूरी तरह चार्ज होने के बाद भी कई लोग उसे लंबे समय तक चार्जिंग पर लगा रहने देते हैं। लंबे समय तक अनावश्यक चार्जिंग बैटरी की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। इसलिए बैटरी भरने के बाद चार्जर हटाना बेहतर होता है।
5. खराब या नकली चार्जर का उपयोग
सस्ते चार्जर कई बार वोल्टेज और करंट को सही तरीके से नियंत्रित नहीं कर पाते। इससे बैटरी और फोन के अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है।
हमेशा कंपनी द्वारा अनुशंसित या अच्छी गुणवत्ता वाले चार्जर और केबल का उपयोग करना चाहिए। इससे चार्जिंग सुरक्षित रहती है और डिवाइस की उम्र भी बढ़ती है।













