26.1 C
Indore
Friday, April 17, 2026
Homeबड़ी खबरचुनाव से पहले पटना मेट्रो की शुरुआत, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया...

चुनाव से पहले पटना मेट्रो की शुरुआत, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन, आम लोग कल से कर सकेंगे सफर

Date:

बिहार की राजधानी पटना में मेट्रो सेवा का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनाव घोषणा से कुछ घंटे पहले पटना मेट्रो के पहले फेज का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने मेट्रो डिपो से भूथनाथ स्टेशन तक सफर कर उद्घाटन किया। अब मंगलवार से आम यात्रियों के लिए यह सेवा शुरू हो जाएगी।

इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान पटना मेट्रो में बिहार की बेटी स्वाती मौर्य ने ट्रेन चलाया।

पहले फेज में तीन स्टेशन पर चलेगी मेट्रो

फिलहाल मेट्रो सेवा आईएसबीटी, जीरो माइल और भूथनाथ स्टेशनों के बीच शुरू की गई है। इन तीन स्टेशनों के बीच हर 20 मिनट में एक मेट्रो उपलब्ध होगी। मेट्रो रोजाना 40 से 42 फेरे लगाएगी। महिलाओं और दिव्यांगों के लिए हर ट्रेन में 12 सीटें आरक्षित रहेंगी।

मेट्रो कोचों में यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पोर्ट, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और पैनिक बटन भी लगाए गए हैं। कोच के अंदर अगले स्टेशन की जानकारी डिस्प्ले और ऑडियो अनाउंसमेंट के माध्यम से दी जाएगी।

किराया और यात्रियों की क्षमता

पटना मेट्रो के तीन कोच वाली ट्रेन में एक बार में करीब 900 यात्री सफर कर सकेंगे। रेड लाइन के एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक जाने के लिए किराया 15 रुपये तय किया गया है, जबकि पूरे रूट का अधिकतम किराया 30 रुपये होगा।

रेड लाइन के अंतर्गत न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकरी स्टेशन शामिल हैं।

भूमिगत मेट्रो सेक्शन का निर्माण जारी

बेली रोड पर मेट्रो का भूमिगत खंड इस परियोजना का अहम हिस्सा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कॉरिडोर-1 के तहत 9.35 किलोमीटर लंबी सुरंग की आधारशिला रखी। इसमें पटना जंक्शन से रुकनपुरा और मीठापुर तक का हिस्सा शामिल है, जिस पर 2,565.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

फेज-1 में रुकनपुरा, राजा बाजार, चिड़ियाघर और पाटलिपुत्र स्टेशन जबकि फेज-2 में विकास भवन, विद्युत भवन और पटना जंक्शन स्टेशन शामिल हैं।

13,925 करोड़ की लागत से बनेगी पूरी परियोजना

पटना मेट्रो की कुल लागत 13,925.5 करोड़ रुपये है। इसमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA), केंद्र सरकार और बिहार सरकार का योगदान शामिल है। मेट्रो के दो कॉरिडोर रेड लाइन (16.86 किमी) और ब्लू लाइन (14.56 किमी) में कुल 24 स्टेशन होंगे। पहले चरण का पूरा संचालन साल 2027 तक शुरू होने की संभावना है।

पटना मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) को दी गई है। जवानों की तैनाती स्टेशन के हर हिस्से पर खासतौर पर प्रवेश द्वार से लेकर प्लेटफॉर्म तक की गई है ताकि यात्री पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकें।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश