19.1 C
Indore
Thursday, February 12, 2026
Homeराष्ट्रीयबजट सत्र में बढ़ा टकराव, किरेन रिजिजू का आरोप– कांग्रेस सांसदों ने...

बजट सत्र में बढ़ा टकराव, किरेन रिजिजू का आरोप– कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर के चेंबर में की गाली-गलौज

Date:

संसद के बजट सत्र में जारी हंगामे के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 20 से 25 कांग्रेस सांसद लोकसभा अध्यक्ष के चेंबर में घुस गए और वहां गाली-गलौज की। रिजिजू ने यह भी कहा कि इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।

संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रिजिजू ने कहा कि ओम बिरला इस घटनाक्रम से आहत हैं। उनके मुताबिक, स्पीकर के चेंबर में जाकर अपशब्द कहे गए और बाद में स्पीकर के फैसले को भी नहीं माना गया। उन्होंने कहा कि सदन में बिना चेयर की अनुमति के कोई भी सदस्य बोल नहीं सकता।

रिजिजू ने आरोप लगाया कि जब यह घटना हुई, तब प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यह संसदीय परंपराओं के खिलाफ है और इसे सही नहीं ठहराया जा सकता।

इस बीच विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस सौंप दिया है। संविधान के अनुच्छेद 94 (सी) के तहत यह प्रस्ताव लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह को सौंपा गया। सूत्रों के मुताबिक, इस नोटिस पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक समेत कई दलों के 120 से अधिक सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं।

विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर पक्षपातपूर्ण तरीके से सदन का संचालन कर रहे हैं और विपक्षी सांसदों को बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा। नोटिस में यह भी कहा गया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान विपक्ष के नेता को भाषण पूरा नहीं करने दिया गया।

लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के अनुसार, नोटिस पर नियमों के तहत विचार किया जाएगा। बताया गया है कि मामले के निपटारे तक स्पीकर बिरला ने आसन पर न बैठने का निर्णय लिया है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश