13.1 C
Indore
Thursday, February 5, 2026
Homeअन्य राज्यनोएडा सेक्टर 150 हादसा: इंजीनियर की मौत पर सीएम योगी सख्त, CEO...

नोएडा सेक्टर 150 हादसा: इंजीनियर की मौत पर सीएम योगी सख्त, CEO हटाए गए, SIT जांच के आदेश

Date:

नोएडा के सेक्टर 150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मौत के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने के आदेश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बनाई गई यह एसआईटी तीन सदस्यीय होगी। टीम की अगुवाई मेरठ की मंडलायुक्त करेंगी। उनके साथ मेरठ जोन के एडीजी और लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को भी शामिल किया गया है। सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि एसआईटी को पांच दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।

यह हादसा 17 जनवरी को हुआ था। कोहरे के कारण युवराज मेहता की कार नोएडा सेक्टर 150 में एक निर्माणाधीन साइट पर खोदे गए करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। गड्ढे में पानी भरा हुआ था। सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी देर बाद युवराज को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या बिल्डर की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिले।

इस मामले में युवराज मेहता के पिता राजकुमार मेहता की शिकायत पर नॉलेज पार्क थाना में दो बिल्डरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। इसी लापरवाही के चलते यह जानलेवा हादसा हुआ। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। लापरवाही के आरोपों में एक जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान यदि और नाम सामने आते हैं, तो उन पर भी कार्रवाई तय है।

हादसे के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोग और परिजन दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस तरह की घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश