MP Transfer News: मध्य प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने पुलिस प्रशासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 29 जनवरी 2026 को मंत्रालय वल्लभ भवन, भोपाल से जारी किया गया है। आदेश के तहत राज्य पुलिस सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी सूची के अनुसार विशेष पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेंगी। तबादलों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और सुचारु बनाना बताया गया है।
आदेश के तहत पंकज कुमार श्रीवास्तव को विशेष पुलिस महानिदेशक सीआईडी और सतर्कता पुलिस मुख्यालय भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं अनंत कुमार सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद राज्य में पदस्थापित किया गया है। केपी वेंकटेश्वर राव को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं और एसटीएफ ऑपरेशन का दायित्व दिया गया है।
इसके अलावा उमेश जोगा को उज्जैन जोन से हटाकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक परिवहन आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है। डी श्रीनिवास वर्मा को नारकोटिक्स से जुड़ी अहम जिम्मेदारी दी गई है। विवेक शर्मा और अनुपम यादव जैसे वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई विभागीय भूमिकाएं सौंपी गई हैं।


पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं। संजय कुमार को बालाघाट जोन का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। संजय तिवारी को भोपाल देहात जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सुष्री रश्मि एन को शहडोल जोन का आईजी नियुक्त किया गया है। ललित शाक्यवार को शिकायत एवं मानव अधिकार शाखा से हटाकर बालाघाट जोन का आईजी बनाया गया है।
गृह विभाग के इस आदेश पर सचिव अशोक सिंह के हस्ताक्षर हैं। आदेश की प्रतिलिपि भारत सरकार के गृह मंत्रालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस महानिदेशक और अन्य संबंधित विभागों को भेजी गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जमीनी स्तर पर भी पुलिस प्रशासन में बदलाव का असर देखने को मिलेगा।

















