मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद मची अफरा-तफरी के बीच चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब घबराए यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए और दूसरी दिशा से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
आग की अफवाह से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार खजुराहो से उदयपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना पार कर हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन के एक कोच में आग लगने की अफवाह फैल गई। खबर फैलते ही यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया और किसी ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया।
ट्रेन रुकते ही कई यात्री अपनी सुरक्षा के लिए नीचे उतर गए। कुछ लोग पास की रेलवे लाइन पर पहुंच गए, जहां से उसी समय पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी।
दूसरी पटरी पर आ गई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार पातालकोट एक्सप्रेस का अंदाजा नहीं था। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, चार लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
रेलवे ने शुरू की जांच
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में चेन पुलिंग की वजह से ट्रेन रोकी गई थी। इसी दौरान कुछ यात्री नीचे उतरकर दूसरी लाइन की ओर चले गए और हादसे का शिकार हो गए।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफवाह कैसे फैली और किन परिस्थितियों में यह दुखद हादसा हुआ।
हादसे के बाद प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हाल ही में रतलाम में भी सामने आया था मामला
गौरतलब है कि कुछ समय पहले मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस घटना के कारण मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था। हालांकि उस मामले में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया था।
















