29.1 C
Indore
Friday, March 20, 2026
Homeमध्यप्रदेशइंदौरIndore Fire: इंदौर हादसे में किशनगंज के परिवार पर टूटा कहर, एक...

Indore Fire: इंदौर हादसे में किशनगंज के परिवार पर टूटा कहर, एक साथ 6 लोगों की मौत

Date:

Indore Fire: मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए भीषण अग्निकांड ने बिहार के किशनगंज के एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। इस हादसे में व्यापारी विजय सेठिया, उनकी पत्नी, बेटी समेत परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई।

घटना के बाद किशनगंज में शोक का माहौल है। परिजनों और स्थानीय लोगों को एक साथ इतने लोगों की मौत पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है।

सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी त्रासदी

जानकारी के अनुसार, इंदौर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के यह हादसा हुआ। घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी, तभी शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।

आग तेजी से फैलकर घर तक पहुंच गई और वहां रखे करीब 15 गैस सिलेंडर इसकी चपेट में आ गए। सिलेंडरों के फटने से स्थिति और भयावह हो गई।

घर के अंदर फंसे रहे लोग

बताया जा रहा है कि आग के समय घर के अंदर सभी लोग सो रहे थे। जैसे ही आग बढ़ी और धमाके हुए, लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन सफल नहीं हो सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दरवाजों पर लगे डिजिटल लॉक ने काम करना बंद कर दिया था। बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण लॉक नहीं खुल सका, जिससे लोग बाहर नहीं निकल पाए।

मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य

इस हादसे में कुल 7 लोगों की मौत हुई, जिनमें 6 बिहार के किशनगंज निवासी थे। मृतकों में विजय सेठिया (65), उनकी पत्नी सुमन देवी, बेटी रुचिका, नाती तन्मय जैन, नातिन राशि जैन और भतीजा कार्तिक सेठिया शामिल हैं।

सभी लोग इंदौर निवासी मनोज पुगलिया के घर आए हुए थे, जिनकी भी इस हादसे में मौत हो गई। बच्चों की उम्र 6 से 12 वर्ष के बीच बताई गई है।

परिवार के अनुसार, विजय सेठिया पिछले एक महीने से इंदौर में इलाज करा रहे थे और अपने बहनोई के घर ठहरे हुए थे। मंगलवार को परिवार के अन्य सदस्य उनसे मिलने और एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किशनगंज से इंदौर पहुंचे थे। अगले ही दिन यह हादसा हो गया।

परिजनों में शोक, इंदौर पहुंचे रिश्तेदार

घटना की सूचना मिलते ही किशनगंज में कोहराम मच गया। सुबह से ही उनके घर पर लोगों का आना-जाना लगा रहा। विजय सेठिया के भाई राजेश और बेटे विकास समेत परिवार के अन्य सदस्य बागडोगरा से फ्लाइट लेकर इंदौर के लिए रवाना हुए।

इस घटना पर बिहार के कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। स्थानीय लोगों में भी इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

Related Posts

spot_img

मध्य प्रदेश